
x
Shimla. शिमला। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिमला के लोअर बाजार, मिडल बाजार और लिफ्ट क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान लोअर और मिडल बाजार की मिठाई की दुकानों में गुलाब जामुन के बीच कॉकरोच और मक्खियां पाए गए। खाद्य पदार्थों में गंदगी और दूषित तत्व मिलने पर विभाग ने मौके पर ही करीब 15 किलो मिठाइयां नष्ट करवा दीं। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. विजया की अगुवाई में की गई इस कार्रवाई के दौरान पांच दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच में खाद्य पदार्थों को तैयार करने, रखने और बिक्री की व्यवस्था में कई कमियां सामने आईं। कुछ दुकानों में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं थी, जबकि मिठाइयों के आसपास भी स्वच्छता का अभाव पाया गया।
विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को लेकर संबंधित कारोबारियों को नोटिस जारी किए जाएंगे। साथ ही, उन्हें प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य पदार्थों को सुरक्षित परिस्थितियों में तैयार करने व रखने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. विजया ने कहा कि त्योहारी सीजन में आम लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए बाजारों और खाद्य प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डा. विजया ने संबंधित कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था करने, खाद्य पदार्थों को स्वच्छ परिस्थितियों में तैयार करने और सुरक्षित तरीके से रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में सामने आई कमियों को दूर करने के लिए कारोबारियों को आवश्यक सुधार करने का समय दिया गया है। वहीं, खाद्य सुरक्षा नियमों की अवहेलना करने वालों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शिमला के लिफ्ट क्षेत्र में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। यहां खुले में कटे फल बेचने और परोसने के मामले सामने आए। विभाग ने कारोबारियों को कटे फलों को उचित तरीके से ढककर रखने और परोसते समय स्वच्छता का ध्यान रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार, खुले में रखे कटे फलों पर धूल-मिट्टी और अन्य दूषित तत्व जमा होने से उनकी गुणवत्ता और स्वच्छता प्रभावित हो सकती है। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर खुले में खाद्य पदार्थ तलते पाए जाने पर विभाग ने आपत्ति जताई। कारोबारियों को खाद्य पदार्थों को धूल-मिट्टी और कीड़े-मकोड़ों से बचाने के लिए ढककर रखने तथा दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसलिए दुकानों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखना, निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
Next Story





