भारत

कोबरा का आतंक: एक ही घर से दो दिन में निकले 14 सांप, इलाके में दहशत

SHIDDHANT
29 July 2026 10:33 PM IST
कोबरा का आतंक: एक ही घर से दो दिन में निकले 14 सांप, इलाके में दहशत
x
वन विभाग
Ujjain उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर स्थित बदनावर रोड के गंधर्व तलाई क्षेत्र में एक मकान से दो दिनों के भीतर 14 कोबरा सांप निकलने की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। लगातार सांप निकलने से स्थानीय लोग भयभीत हैं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि सभी सांपों को सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रॉपर्टी व्यवसायी नंदकिशोर चौहान अपने परिवार के साथ इस मकान में रहते हैं। दो दिन पहले उनके घर से करीब डेढ़ से दो फीट लंबे तीन काले कोबरा सांप निकले थे। उन्होंने साहस दिखाते हुए उन्हें पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। इसके बाद अगले दिन उसी घर से एक साथ 11 और कोबरा सांप निकल आए, जिससे परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
नंदकिशोर चौहान ने बताया कि उन्होंने सर्पमित्रों और वन विभाग को सूचना दी, लेकिन समय पर कोई सहायता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने स्वयं सभी सांपों को पकड़कर शहर से बाहर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। घटना के बाद परिवार घर के हर हिस्से की सावधानीपूर्वक जांच कर रहा है ताकि कहीं और सांप छिपे न हों।
स्थानीय लोगों का मानना है कि मकान के किसी भूमिगत हिस्से, चेंबर या गड्ढे में कोबरा ने अंडे दिए होंगे, जिनसे ये सांप निकल रहे हैं। क्षेत्र के पूर्व पार्षद राधेश्याम पांचाल और दंत चिकित्सक डॉ. परमानंद गौड़ ने भी इसी संभावना को जताया है। इस घटना के बाद स्थानीय रहवासियों ने वन विभाग से पूरे इलाके का सर्वे कराने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है। फिलहाल पूरे गंधर्व तलाई क्षेत्र में भय का माहौल है और लोग प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।
Next Story