भारत

जिस कोच में RSS चीफ मोहन भागवत कर रहे थे सफर, उसमे पथराव

Nilmani Pal
12 Jun 2026 6:52 AM IST
जिस कोच में RSS चीफ मोहन भागवत कर रहे थे सफर, उसमे पथराव
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। लखनऊ से नई दिल्ली जा रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर गुरुवार की देर शाम हुई पत्थरबाजी की घटना से रेलवे और पुलिस प्रशासन सकते में आ गया। पत्थर एक्जीक्यूटिव क्लास के उस कोच पर जाकर लगा, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत यात्रा कर रहे थे। पुलिस की कई टीमें अराजकतत्वों की तलाश में जुटी हैं।

कानपुर से नई दिल्ली जा रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस के कोच ई-1 में सरसंघचालक मोहन भागवत यात्रा कर रहे थे। देर शाम करीब 7.20 बजे फिरोजाबाद आउटर से गुजरते समय कोच ई-1 पर पत्थर जाकर लगा, जिससे उसका शीशा चटक गया। कोच में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बैठे होने से घटना की जानकारी तुरंत आला अधिकारियों तक पहुंचाई गई। टूंडला स्टेशन पर 7.34 बजे ट्रेन पहुंची। अधिकारियों ने पूरी जानकारी लेने के बाद 7.41 बजे रवाना भी कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, ये किसी अराजक तत्व द्वारा सामान्यत: पत्थर फेंके जाने की घटना है। फिर भी पुलिस प्रशासन और आरपीएफ इसकी अन्य बिंदुओं से भी जांच कर रहे हैं। पत्थर फेंकने वाले को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार घटना के संबंध में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां भी मामले को गंभीरता से लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई हैं।

फिरोजाबाद के जीआरपी प्रभारी शेर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कोच में शीशा टूटने से किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ है। ट्रेनों पर इस तरह के पत्थर फेंके जाने की घटनाएं पहले भी होती रही हैं। अराजक तत्व के पकड़ में आने पर उसे दंडित करके छोड़ दिया जाता है। इस बार की घटना को भी संयोग ही माना जा रहा है। फिर भी दूसरे बिंदुओं से इसकी गहन पड़ताल करने में सुरक्षा एजेंसियां लगी हुई हैं।

Next Story