भारत

CM योगी कल गोरखपुर को देंगे बड़ी सौगात

Nilmani Pal
4 May 2026 6:30 AM IST
CM योगी कल गोरखपुर को देंगे बड़ी सौगात
x

यूपी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को गोरखपुर को 613 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात देंगे। इनमें गोरखपुर विकास प्राधिकरण के करीब 49 करोड़ रुपये के 26 कार्यों का लोकार्पण के अलावा 564 करोड़ रुपये की 45 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।

सीएम योगी के हाथों लोकार्पित होने वाली परियोजनाओं में महानगर के छठवें कल्याण मंडपम, तारामंडल क्षेत्र में वाटर बॉडी पर टू लेन ब्रिज के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में सड़क, नाली, प्रकाश और पार्क सौंदर्यीकरण के कार्य शामिल हैं। वहीं शिलान्यास की जाने वाली परियोजनाओं में बुनियादी सुविधाओं के कार्यों के साथ ही एकीकृत मंडलीय कार्यालय का निर्माण और लच्छीपुर में ग्रुप हाउसिंग अपार्टमेंट कुश्मी एवेन्यू का निर्माण कार्य शामिल है।

जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्धन ने रविवार को अधिकारियों के साथ तारामंडल क्षेत्र में वाटर बॉडी पर नव निर्मित डबल लेन पुल के पास ही सीएम के कार्यक्रम के लिए लगाए जा रहे पांडाल और साफ सफाई के कार्यों का निरीक्षण किया। मंगलवार को समारोह में मुख्यमंत्री यहां जलसभा को भी संबोधित करेंगे।

रामगढ़ताल की वाटर बॉडी पर 14.33 करोड़ रुपये से महज नौ माह में बने टू-लेन पुल से तारामंडल क्षेत्र के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। वसुंधरा एंक्लेव द्वितीय और तृतीय के बीच बने इस पुल से तारामंडल क्षेत्र के दो हिस्से सीधे जुड़ गए हैं। अब अमरावती निकुंज, वसुंधरा फेज 1, 2 व 3, सिद्धार्थ एंक्लेव, सिद्धार्थपुरम, गौतम विहार, बुद्ध विहार, वैशाली, विवेकपुरम, जैमिनी गार्डेनिया सहित आसपास के कई आवासीय इलाकों के लाखों लोगों को लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। पहले लोगों को नौका विहार, दिग्विजयनाथ पार्क, सर्किट हाउस और कॉरपोरेट पार्क होते हुए पैडलेगंज तक पहुंचने के लिए अधिक दूरी तय करनी पड़ती थी। जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्धन ने बताया कि 112 मीटर लंबे इस पुल की कैरिज वे चौड़ाई 7.5 मीटर है। दोनों ओर 1.5 मीटर चौड़े फुटपाथ भी बनाए गए हैं।


Next Story