
x
शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन को संबोधित करेंगे CM योगी
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार, 14 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वह कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके अलावा संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित शिक्षक एवं स्नातक महासम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन को करेंगे संबोधित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार दोपहर संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित शिक्षक एवं स्नातक महासम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में वाराणसी खंड के अंतर्गत आने वाले आठ जिलों के शिक्षक और स्नातक मतदाताओं के शामिल होने की जानकारी है। यह महासम्मेलन वाराणसी खंड के शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है।
23 अक्टूबर को होगा एमएलसी चुनाव
वाराणसी खंड विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान निर्धारित है। इन निर्वाचन क्षेत्रों में वाराणसी और मीरजापुर मंडल के जिलों के साथ बलिया सहित कुल आठ जिले शामिल हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा एमएलसी चुनाव के मद्देनजर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान वाराणसी में कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में संबंधित विभागों की तैयारियों और विकास परियोजनाओं की स्थिति पर चर्चा प्रस्तावित है।
काशी विश्वनाथ और काल भैरव मंदिर में करेंगे दर्शन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी प्रवास के दौरान श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। दो दिवसीय दौरे में मुख्यमंत्री के धार्मिक कार्यक्रमों के साथ प्रशासनिक समीक्षा और शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन प्रमुख गतिविधियां रहेंगी।
Next Story





