भारत

पटाखों पर बोले सीएम योगी—हमने नहीं लगाई रोक, विपक्ष पर साधा निशाना

SHIDDHANT
11 Nov 2026 9:05 PM IST
पटाखों पर बोले सीएम योगी—हमने नहीं लगाई रोक, विपक्ष पर साधा निशाना
x
प्रदूषण पर बयान
उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को दीपावली पर पटाखे जलाने का समर्थन करते हुए प्रदूषण को लेकर सवाल उठाने वाले विपक्षी दलों पर निशाना साधा। राजस्व विभाग में नवनियुक्त 1,000 से अधिक जूनियर सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के कार्यक्रम में उन्होंने त्योहारों और सरकारी भर्ती प्रक्रिया पर अपनी बात रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली पर पटाखे चलाने से बढ़ा प्रदूषण समय के साथ समाप्त हो जाएगा। उन्होंने सवाल किया कि पटाखों से होने वाले प्रदूषण पर चिंता जताने वाले उन लोगों के खिलाफ आवाज क्यों नहीं उठाते, जिन्होंने अपने कृत्यों से पूरे सिस्टम को प्रदूषित किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने दीपावली के दौरान किसी प्रकार की रोक-टोक नहीं लगाई, ताकि लोग उत्साह से त्योहार मना सकें। उन्होंने कहा, “हमने कोई रोक-टोक नहीं लगाई। मैं खुद भी अयोध्या में आतिशबाजी के बीच मौजूद था।”
पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में त्योहारों के दौरान दंगों की आशंका बनी रहती थी। उन्होंने होली, दीपावली, दशहरा, जन्माष्टमी, शिवरात्रि, क्रिसमस, ईद, गुरु पर्व और मकर संक्रांति का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने सरकारी भर्तियों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि 2017 से पहले भर्ती व्यवस्था में ‘मुन्ना भाई’ सक्रिय थे। उनके अनुसार, कई मामलों में परीक्षा देने वाला व्यक्ति और नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाला व्यक्ति अलग होता था।
उन्होंने कहा, “एक व्यक्ति परीक्षा देता था और किसी दूसरे को नियुक्ति पत्र मिल जाता था। 2017 से पहले इस तरह की कई नियुक्तियां हुई थीं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने का काम किया है। नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उन्होंने अपनी सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए पूर्ववर्ती व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए।
Next Story