भारत

ग्राउंड जीरो पर पहुंचे CM योगी, बाढ़ प्रभावित गांवों का लिया जायजा

SHIDDHANT
29 Sept 2026 7:39 PM IST
ग्राउंड जीरो पर पहुंचे CM योगी, बाढ़ प्रभावित गांवों का लिया जायजा
x
कुशीनगर। नेपाल से अधिक मात्रा में पानी आने के बाद नारायणी नदी के एपी तटबंध का एक हिस्सा टूटने से प्रभावित कुशीनगर के गांवों का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने हवाई सर्वेक्षण के जरिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति देखी और इसके बाद पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर उनका हाल जाना। उन्होंने राहत सामग्री और लंच पैकेट वितरित करते हुए भरोसा दिलाया कि आपदा की इस घड़ी में सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है।
सोमवार देर रात जवहीं दयाल के चैनपट्टी स्थित ततवा टोला के पास एपी तटबंध का कुछ हिस्सा टूट गया था। इसकी जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री लगातार अधिकारियों से हालात की जानकारी लेते रहे। मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह सीधे प्रभावित क्षेत्र पहुंचे। मुख्यमंत्री ने तटबंध और पानी से घिरे गांवों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की। ऊंचे स्थानों पर शरण लिए लोगों को लंच पैकेट दिए गए और बच्चों को चॉकलेट वितरित की गई। इसके बाद मुख्यमंत्री सेवरही क्षेत्र के बेदूपार इंटर कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री प्रदान की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि लगातार चार दिनों तक हुई भारी बारिश और नेपाल में अतिवृष्टि के कारण नारायणी नदी में अचानक पानी बढ़ गया। सामान्य दिनों में नदी में तीन से चार लाख क्यूसेक पानी आता है, लेकिन पानी का प्रवाह बढ़कर साढ़े पांच लाख क्यूसेक तक पहुंच गया। इसके कारण तटबंध से सटे कई गांव प्रभावित हुए। राहत और बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की दो-दो टीमें तैनात की गई हैं। इसके अलावा पीएसी की फ्लड यूनिट, जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीमें भी मौके पर काम कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित परिवारों के लिए पांच हजार राहत पैकेट तैयार किए गए हैं। प्रत्येक पैकेट में चावल, आटा, दाल, आलू, लाई, चना, तेल, मसाले, नमक और बाल्टी समेत कुल 35 आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। सरकार ने जनहानि होने पर पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों वाले परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत नया आवास दिया जाएगा। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों की मरम्मत के लिए भी सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को 15 से 16 गांवों में धान, गन्ना और सब्जियों की फसल के नुकसान का सर्वे कर 10 दिनों के भीतर मुआवजा देने के निर्देश दिए। बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों और तटबंध की मरम्मत भी कराई जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को अगले पांच से छह दिनों तक प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप लगाने तथा स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी स्नेक वेनम और एंटी रैबीज वैक्सीन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएम योगी ने जलशक्ति मंत्री और सिंचाई विभाग के प्रमुख सचिव को निर्देश दिया कि स्थिति सामान्य होने के बाद नारायणी नदी की ड्रेजिंग और चैनलाइजेशन का काम कराया जाए, ताकि भविष्य में तटबंध और आसपास के गांवों को सुरक्षित रखा जा सके।
Next Story