
यूपी। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र और लोगों को वितरित राहत सामग्री का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गाजिपुर जनपद के 33 गांव के 7000 से अधिक परिवार बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इन लोगों को अलग-अलग राहत शिविर या उनके घर तक भोजन सामग्री उपलब्ध करा कर प्रशासन सहायता के कार्य कर रहा है.
इससे पहले जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित लोगों को रात में प्रकाश व्यवस्था और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखते हुए उन्हे चारा, पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए. जिलाधिकारी ने नाव के माध्यम से बाढ़ से प्रभावित स्थानों का भ्रमण करते हुए फसलों का जायजा लिया और उपस्थित ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू होते हुए बाढ प्रभावित गांव के प्रधान, सचिव, लेखपाल और अन्य अधिकारी/कर्मचारी को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों मे भ्रमणशील रहेगें तथा बाढ़ से होने वाले नुकसान पर पैनी नजर रखते हुए तत्काल किसी प्रकार की समस्या होने पर सम्बन्धित उपजिलाधिकारी और जिला प्रशासन को अवगत कराएंगे. जिलाधिकारी ने सम्बन्धित उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित गांव में बाढ़ राहत से सम्बन्धित सभी व्यवस्थाओं की पूरी तैयारियां करते हुए खुद भी इस पर निगरानी रखे ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत पहुंचाई जा सके.