भारत

पार्टनर देशों संग CM योगी की बड़ी बैठक, यूपी में निवेश का दिया न्योता

SHIDDHANT
25 Sept 2026 9:40 PM IST
पार्टनर देशों संग CM योगी की बड़ी बैठक, यूपी में निवेश का दिया न्योता
x
कारोबार बढ़ाने का न्योता, 6 देशों के प्रतिनिधियों से मिले CM योगी
Noida नोएडा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पार्टनर देशों के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल मीटिंग की। बैठक में उत्तर प्रदेश में निवेश, कारोबार विस्तार और विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। UPITS-2026 में ऑस्ट्रिया, बेलारूस, जापान, रूस, सिंगापुर और वियतनाम पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल हैं। पांच दिवसीय ट्रेड शो 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधियों के सामने उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और निवेश की संभावनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, डिफेंस, फार्मा, मेडिकल डिवाइस, कृषि, मशीनरी और वुड टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए कंपनियों को आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश बड़ा बाजार होने के साथ युवा मानव संसाधन, उर्वरा भूमि और पर्याप्त जल संसाधनों वाला प्रदेश है। उन्होंने कहा कि इन विशेषताओं के कारण राज्य में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों के लिए निवेश और कारोबार विस्तार की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।
ट्रेड शो में इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, डिफेंस और एयरोस्पेस, फार्मास्यूटिकल्स, इलेक्ट्रिक वाहन, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल और अक्षय ऊर्जा समेत कई क्षेत्रों को प्रदर्शित किया जा रहा है। पार्टनर देशों की भागीदारी के जरिए अंतरराष्ट्रीय व्यापार, तकनीकी सहयोग और निवेश संबंधों को बढ़ाने पर जोर दिया गया है। राउंड टेबल मीटिंग के दौरान पार्टनर देशों के प्रतिनिधियों के साथ राज्य में उपलब्ध निवेश अवसरों और औद्योगिक संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। प्रदेश सरकार का जोर विदेशी कंपनियों को राज्य के औद्योगिक और कारोबारी इकोसिस्टम से जोड़ने पर है।
UPITS-2026 के दौरान विदेशी प्रतिनिधिमंडलों, निवेशकों और स्थानीय उद्योगों के बीच B2B बैठकें और सेक्टर आधारित चर्चाएं भी प्रस्तावित हैं। ट्रेड शो में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों और 85 देशों से 550 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी की उम्मीद है। राउंड टेबल बैठक के जरिए प्रदेश सरकार ने पार्टनर देशों के साथ व्यापारिक और औद्योगिक रिश्तों को मजबूत करने तथा नई निवेश संभावनाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
Next Story