
x
Guwahati. गुवाहाटी। असम की राजधानी गुवाहाटी स्थित राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने असम की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राज्य की संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि असम सरकार ने अडानी पावर के साथ 6000 मेगावाट विद्युत उत्पादन का समझौता किया है, जो जनता के हित में नहीं है। सुक्खू ने बताया कि पावर परचेज एग्रीमेंट 6.30 रुपए प्रति यूनिट की दर पर किया गया है।
सौर ऊर्जा परियोजनाओं से बिजली 2.50 से 3 रुपए प्रति यूनिट में उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि इस समझौते में अनियमितताओं की संभावना है और इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर ऐसे मामलों की जांच करवाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीएम सुक्खू ने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों से असम में भाजपा सत्ता में है, लेकिन राज्य की अर्थव्यवस्था और रोजगार पर अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावों में जाति और धर्म के आधार पर राजनीति करती रही है, लेकिन इस बार जनता उनके झांसे में नहीं आएगी।
हिमाचल प्रदेश का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 2.83 लाख रुपए हो गई है, जो राष्ट्रीय औसत से लगभग 64 हजार रुपए अधिक है। उन्होंने बताया कि राज्य में 125 यूनिट तक दो मीटरों पर मुफ्त बिजली दी जा रही है, जबकि अति गरीब परिवारों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल में आरडीजी के रूप में 8-10 हजार करोड़ रुपये वार्षिक सहायता बंद होने के बावजूद वित्तीय अनुशासन से प्रदेश आत्मनिर्भर बना है। सीएम ने कहा कि हिमाचल में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से सुधार हो रहा है।
साक्षरता दर उच्च है और पर्यटन क्षेत्र में बेहतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अनाथ बच्चों को “चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट” घोषित कर उनकी देखभाल सरकार कर रही है, वहीं सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की गई है। कृषि क्षेत्र में उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्राकृतिक पद्धति से उत्पादित गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 60 से बढ़ाकर 80 रुपए प्रति किलो किया गया, मक्का 40 से 50 रुपए, पांगी घाटी के जौ 60 से 80 रुपए और प्राकृतिक हल्दी 90 से 150 रुपए प्रति किलो किया गया। पहली बार अदरक को एमएसपी के दायरे में लाकर 30 रुपए प्रति किलो तय किया गया। गाय के दूध का खरीद मूल्य 61 रुपए प्रति लीटर और भैंस के दूध का 71 रुपए प्रति लीटर निर्धारित किया गया।
Tagsगुवाहाटीसीएम सुक्खूअसम भाजपा सरकारअडानी पावरविद्युत समझौताकांग्रेसराहुल गांधीहिमाचल प्रदेशमुफ्त बिजलीप्रति व्यक्ति आयएमएसपीकृषि मूल्यस्वास्थ्य सेवाएंशिक्षा सुधारपर्यटनपेंशन योजनाचिल्ड्रन ऑफ द स्टेटप्रेस कॉन्फ्रेंसGuwahatiCM SukhuAssam BJP governmentAdani Powerpower agreementCongressRahul GandhiHimachal Pradeshfree electricityper capita incomeMSPagricultural priceshealth serviceseducation reformstourismpension schemeChildren of the Statepress conference
Next Story





