
x
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में विजयादशमी का पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रसिद्ध जाखू मंदिर में आयोजित दशहरा समारोह में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूरा क्षेत्र जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दशहरा हिंदू धर्म का महत्वपूर्ण त्योहार है, जो हर साल बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है। यह पर्व लोगों को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने आत्मनिर्भर हिमाचल की कामना की सीएम सुक्खू ने कहा, "मैं दशहरे के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। दशहरा एक महत्वपूर्ण हिंदू त्योहार है, जो हर वर्ष बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव मनाता है।"
उन्होंने कामना की कि देवी-देवताओं का आशीर्वाद और इन धार्मिक आयोजनों से जुड़ी सद्भावना हिमाचल प्रदेश सरकार का मार्गदर्शन करती रहे और राज्य को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिले। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश का समापन 'जय श्रीराम' के उद्घोष के साथ किया।
शिमला के ऐतिहासिक जाखू मंदिर में रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों के दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया। जाखू मंदिर के अलावा शिमला के समरहिल, संकटमोचन और रामनगर सहित अन्य स्थानों पर भी दशहरा समारोह आयोजित किए गए।
Next Story





