भारत

लिल्ह में पलकों पर बिठाए सीएम सुक्खू

Shantanu Roy
6 Nov 2026 10:44 PM IST
लिल्ह में पलकों पर बिठाए सीएम सुक्खू
x
लिल्ह। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का गुरुवार को भरमौर विधानसभा क्षेत्र के गैर जनजातीय क्षेत्र लिल्ह पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया। लिल्ह बस अड्डे से मुख्यमंत्री को ओपन जीप में कार्यक्रम स्थल तक ले जाया गया। इस दौरान रास्ते में स्वागत के लिए उमड़ी हजारों लोगों की भीड़ का मुख्यमंत्री ने अभिवादन स्वीकार किया। गुरुवार दोपहर बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू हेलिकॉप्टर के माध्यम से होली से होते हुए एनएचपीसी के करियां स्थित हेलीपैड पहुंचे।

यहां पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला सडक़ मार्ग से करियां से लिल्ह के लिए रवाना हुआ। लिल्ह पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को सौगातें सौंपीं। इसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से भी सादगी के साथ मुलाकात की और उनकी मांगों एवं समस्याओं को सुना।
Next Story