भारत

कैंपस टू संसद के तहत महाराष्ट्र के 40 विद्यार्थियों से मिलीं CM रेखा गुप्ता

SHIDDHANT
23 Sept 2026 11:59 PM IST
कैंपस टू संसद के तहत महाराष्ट्र के 40 विद्यार्थियों से मिलीं CM रेखा गुप्ता
x
Delhi दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को सचिवालय में 'कैंपस टू संसद' पहल के तहत महाराष्ट्र से आए 40 विद्यार्थियों से मुलाकात की और उनसे संवाद किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह पहल राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े की संकल्पना है, जिसका उद्देश्य युवाओं को संसद, शासन और सार्वजनिक जीवन की कार्यप्रणाली से सीधे जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इसके माध्यम से युवाओं को देश की शासन व्यवस्था को करीब से समझने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र से आए विद्यार्थी संसद भवन, राष्ट्रपति भवन और नेशनल वॉर मेमोरियल का भ्रमण करेंगे। इसके अलावा उन्हें केंद्रीय मंत्रियों, सिविल सेवा के अधिकारियों और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों से संवाद करने का अवसर भी मिलेगा। इन कार्यक्रमों और मुलाकातों से विद्यार्थियों को सीखने का समृद्ध अनुभव मिलेगा और वे शासन तथा सार्वजनिक जीवन की कार्यप्रणाली को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि उनका युवाओं की क्षमता पर अटूट विश्वास रहा है। उन्होंने कहा कि 'कैंपस टू संसद' जैसी पहल युवाओं को शासन व्यवस्था से करीब से जोड़ती है और उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका समझने का अवसर देती है। उन्होंने इस पहल के लिए 'कैंपस टू संसद' की पूरी टीम को बधाई दी।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की पोस्ट का जवाब देते हुए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा, ''विकसित भारत की आधारशिला है, युवा शक्ति।' तावड़े ने महाराष्ट्र से आए विद्यार्थियों के साथ संवाद करने और उन्हें समय देने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र से आए ये छात्र देश के नीति निर्माताओं, राजनेताओं और जनसेवा से जुड़े लोगों से मिलकर राष्ट्र निर्माण की यात्रा को करीब से समझ रहे हैं। विनोद तावड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा विद्यार्थियों के साथ साझा किए गए अनुभव उन्हें देश की विकास यात्रा को समझने में मदद करेंगे और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए भी उपयोगी साबित होंगे।
Next Story