
यूपी। भाजपा अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के जरिए सपा के प्रभाव वाले इलाकों में उसे घेरेगी। लोकसभा चुनावों का ऐलान होने में भले वक्त हो मगर पार्टी ने इस कवायद की शुरुआत कर दी है। मंगलवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री आजमगढ़ आएंगे। वे यहां पांच लोकसभा क्षेत्रों की क्लस्टर योजना सहित …
यूपी। भाजपा अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के जरिए सपा के प्रभाव वाले इलाकों में उसे घेरेगी। लोकसभा चुनावों का ऐलान होने में भले वक्त हो मगर पार्टी ने इस कवायद की शुरुआत कर दी है। मंगलवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री आजमगढ़ आएंगे। वे यहां पांच लोकसभा क्षेत्रों की क्लस्टर योजना सहित कई बैठकें करेंगे। जनप्रतिनिधियों से भी मिलेंगे। यह इलाका यादवों की बहुलता के कारण सपा की दृष्टि से प्रभावी माना जाता है।
भाजपा ने लोकसभा चुनाव की तैयारी हर मोर्चे पर शुरू कर दी है। प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों को पार्टी ने 20 क्लस्टरों में बांट दिया है। आजमगढ़ क्लस्टर में आजमगढ़ के अलावा लालगंज, घोसी, सलेमपुर और बलिया लोकसभा सीटें शामिल हैं। पार्टी ने यादव बाहुल्य इलाकों में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को उतार दिया है।
वे मंगलवार को सुबह आजमगढ़ हवाई पट्टी पर उतरेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी की मौजूदगी में फिर मोहन यादव आजमगढ़ में पांच लोकसभा क्षेत्रों की क्लस्टर बैठक में भाग लेंगे। उसके बाद चुनाव प्रबंधन से जुड़ी दूसरी बैठक का हिस्सा बनेंगे। इसमें जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी, संयोजक, विस्तारक आदि मौजूद रहेंगे। उसके बाद 5 लोकसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख आदि शामिल होंगे।
