भारत
दिल्ली में बाढ़ की चिंता छोड़ चिट्ठियां लिख शीशमहल में शीर्षासन कर रहे सीएम केजरीवाल: अनुराग ठाकुर
jantaserishta.com
13 July 2023 5:18 PM IST

x
फाइल फोटो
नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में बाढ़ के हालात के लिए दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल को जिम्मेदार बताते हुए आरोप लगाया है कि वह अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि, “अरविंद केजरीवाल सिर्फ़ भागने की राजनीति करना जानते हैं। जिम्मेदारियों से भागने का उनका पुराना इतिहास रहा है। इतिहास में उनका लेखा-जोखा एक भगोड़े नेता के रूप में रखा जाएगा। दिल्ली में धुंध हो तो पंजाब ज़िम्मेदार, स्मॉग हो तो बीड़ी पीने वाले व अलाव जलाने वाले मज़दूर-चौकीदार ज़िम्मेदार, अस्पतालों में भीड़ हो तो बिहार वाले ज़िम्मेदार, कोविड में मिस-मैनेजमेंट हो तो यूपी वाले जिम्मेदार और अब बाढ़ के लिए हरियाणा जिम्मेदार।
आख़िर केजीरीवाल कब तक अपनी जिम्मेदारियां दूसरों के कंधे पर डाल कर बेचारी और बचकानी राजनीति के मास्टरमाइंड बने रहेंगे। अपने नेताओं को इन्होंने फ़्लड टूरिज़्म पर लगा रखा है, जिसे जहां देखो घुटने भर पानी में फ़ोटो शूट करा रहा है। धरातल पर काम करने की बजाय केजरीवाल चिट्ठियां लिखकर शीशमहल में शीर्षासन कर रहे हैं। दिल्ली का क्या हाल बना कर रख दिया है केजरीवाल एंड कंपनी ने। इतिहास गवाह है कि जब-जब नॉन सीरियस व्यक्ति सत्ता की कुर्सी पर बैठा है तब-तब अंजाम जनता को भुगतना पड़ा है।”
ठाकुर ने आगे बोलते हुए कहा “पिछले 9 वर्षों में हमने कभी उनको जिम्मेदारी उठाते नहीं देखा है। दिल्ली के लोगों की यह हालत किसके कारण है? मुख्यमंत्री आज सिर्फ अपने घर तक सीमित होकर रह गए हैं। हालत यह है कि जब प्रदूषण की बात आती है तो भी दूसरों पर आरोप मढ़ते हैं। जब शराब घोटाले की बात आती है तो अपने मंत्री पर कार्रवाई करने के बजाय दूसरों पर आरोप मढ़ते हैं। आज दिल्ली पूछ रही है कि आखिर केजरीवाल कब अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। केजरीवाल कभी दिल्ली को पेरिस बनाने की बात करते थे। कभी 300 झील बनाने की बात करते थे। आज हर मोहल्ला तालाब में तब्दील हो चुका है। यह स्वयं में केजरीवाल द्वारा राजधानी को खस्ताहाल किए जाने की हालत बयां करता है।"
भारी बारिश के कारण अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश में पैदा हुए हालात का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, "हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण काफी नुकसान हुआ है। अब तक लगभग 88 लोगों की दुखद मौत हो चुकी है। सड़कें व पुल नष्ट व ध्वस्त हो चुके हैं। लोगों की व्यक्तिगत, निजी संपत्तियों जैसे घर और दुकानों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। इन सभी से उबरने में काफी समय लगेगा। सभी राज्यों को लगभग 8 हजार करोड़ रुपये की त्वरित मदद दी गई है। मैं भी हिमाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर तुरंत निकल रहा हूं। वहां जाकर आम जनमानस को हुए नुकसान का आकलन करूंगा और उनकी हरसंभव मदद का प्रयास करूंगा।”
Tagsअनुराग ठाकुरकेंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुरदिल्लीबारिशअरविंद केजरीवालAnurag ThakurUnion Minister Anurag ThakurDelhiRainArvind Kejriwal
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





