
x
दो आंदोलनकारियों की बढ़ी सहायता
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आंदोलन के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए दो आंदोलनकारियों के लिए महत्वपूर्ण फैसला लिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर रामपुर तिराहा कांड में पुलिस की गोलियों से घायल होकर पूरी तरह बिस्तर पर आश्रित हो चुके दो राज्य आंदोलनकारियों की देखरेख के लिए 20 हजार रुपए प्रतिमाह की अतिरिक्त आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
शासनादेश के अनुसार, हरिद्वार जिले के निवासी प्रकाश चन्द्र कांति और देहरादून निवासी अमित ओबराय को इस योजना का लाभ मिलेगा। दोनों राज्य आंदोलनकारी रामपुर तिराहा कांड के दौरान पुलिस की गोलियों से गंभीर रूप से घायल हुए थे। चोटों के कारण वे पूरी तरह शैय्याग्रस्त हैं और दैनिक कार्यों के लिए दूसरों की सहायता पर निर्भर हैं।
राज्य सरकार की ओर से दोनों आंदोलनकारियों को वर्तमान में 30 हजार रुपए प्रतिमाह विशेष सम्मान पेंशन प्रदान की जा रही है। अब मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर उनकी देखभाल के लिए 20 हजार रुपए प्रतिमाह की अतिरिक्त सहायता मंजूर की गई है। इस प्रकार प्रत्येक आंदोलनकारी को पेंशन और देखरेख सहायता मिलाकर कुल 50 हजार रुपए प्रतिमाह प्राप्त होंगे।
अतिरिक्त सहायता राशि से दोनों आंदोलनकारियों के लिए एक-एक सहायक की व्यवस्था की जा सकेगी। इससे उनकी दैनिक जरूरतों, व्यक्तिगत देखभाल और अन्य आवश्यक कार्यों में सहयोग मिल सकेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस निर्णय को राज्य आंदोलन में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों के सम्मान और कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रामपुर तिराहा कांड उत्तराखंड राज्य आंदोलन के इतिहास की एक महत्वपूर्ण और दुखद घटना है। इस दौरान कई आंदोलनकारियों को गंभीर चोटें आई थीं। राज्य सरकार के इस फैसले से गंभीर रूप से घायल दोनों आंदोलनकारियों की देखभाल की व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
Next Story





