
x
Khatima खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर बड़ा बयान दिया है। पश्चिम बंगाल में यूसीसी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से किया गया वादा पूरा किया और राज्य में यूसीसी लागू किया। खटीमा में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में भाजपा ने चुनाव के दौरान यूसीसी का मुद्दा जनता के सामने रखा था। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद इस दिशा में तेजी से काम किया गया और वादा पूरा किया गया।
धामी ने कहा कि जब उन्होंने विधानसभा में यूसीसी विधेयक पेश किया था, तब उन्होंने कहा था कि जिस प्रकार चारधाम की पवित्र गंगोत्री उत्तराखंड से निकलती है, उसी प्रकार यूसीसी की ‘गंगोत्री’ भी देवभूमि उत्तराखंड से शुरू हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पूरे देश को इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात और असम जैसे राज्यों में भी यूसीसी को लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं, जबकि पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश में इसकी तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता का विचार नया नहीं है, बल्कि इसका उल्लेख भारतीय संविधान के नीति निदेशक तत्वों में किया गया है और डॉ. B. R. Ambedkar सहित संविधान निर्माताओं ने भी इसकी परिकल्पना की थी। धामी ने कहा कि यूसीसी का उद्देश्य किसी समुदाय को निशाना बनाना नहीं है, बल्कि सभी नागरिकों को समान अधिकार और न्याय सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि भारत एक मजबूत लोकतांत्रिक राष्ट्र बन चुका है और दुनिया आज भारत की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है।
Next Story





