
x
भूस्खलन से बोह घाटी में भारी नुकसान
Himachal Pradesh हिमाचल प्रदेश:कांगड़ा जिले में भारी बारिश के बीच बादल फटने और भूस्खलन की घटना से बड़ा नुकसान हुआ है। शाहपुर उपमंडल की बोह घाटी में मंगलवार को हुई इस प्राकृतिक आपदा में एक प्राथमिक विद्यालय, 15 मकान और चार गौशालाएं मलबे की चपेट में आ गईं। घटना में एक महिला घायल हुई है, जबकि किसी की मौत की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार, शाहपुर थाना क्षेत्र के बोह वैली इलाके के रूलेहर, भंगार, गढ़गुहण और स्पैदा गांवों में अचानक बादल फटने के बाद पहाड़ियों से भारी मात्रा में मिट्टी और पत्थर नीचे आ गए। तेज बहाव के कारण कई घर क्षतिग्रस्त हो गए और एक प्राथमिक विद्यालय भी मलबे में दब गया।
आपदा के कारण चार गौशालाओं को भी नुकसान पहुंचा है। इनमें मौजूद गाय, भेड़ और बकरियों के मलबे में दबने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही 15 सदस्यीय SDRF टीम, पुलिस जवान और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शाहपुर थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम ने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वहीं, एसडीएम शाहपुर, पटवारी और राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी है।
कांगड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीर बहादुर ने भी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की। प्रशासन ने लोगों को भूस्खलन संभावित इलाकों और नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी है। जिला प्रशासन ने मानसून को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस या SDRF को सूचना देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित परिवारों को राहत और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Next Story





