
x
पुलिस पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
Uttar Pradesh. उत्तर प्रदेश। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी देने के मामले में शामली पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताते हुए अखिल भारतीय जाट महासभा के युवा जिला अध्यक्ष मुकुल चौधरी को धमकी दी थी। पुलिस के अनुसार, शामली के गढ़ी पुख्ता थाना क्षेत्र के जधेड़ी गांव निवासी मुकुल चौधरी ने एक निजी यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ टिप्पणी की थी। इसके बाद सोशल मीडिया मैसेंजर के माध्यम से उन्हें धमकी मिलने लगी।
आरोप है कि जयपुर में रहने वाली बिंदु नाम की महिला ने मुकुल चौधरी से संपर्क किया और खुद को लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बताते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। धमकी मिलने के बाद मुकुल चौधरी ने पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए शामली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान की और शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
शामली पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला मूल रूप से बिहार की रहने वाली है और वर्तमान में राजस्थान के जयपुर में रहकर बाउंसर का काम करती है। पुलिस ने बताया कि महिला के चार बच्चे हैं और वह पिछले करीब आठ वर्षों से अपने पति से अलग रह रही है। पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर बताया कि वह पिछले आठ वर्षों से लॉरेंस बिश्नोई को मन ही मन अपना पति मानती है। पुलिस के अनुसार, महिला ने कहा कि उसे लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ की गई कोई भी टिप्पणी पसंद नहीं आती, जिसके चलते उसने मुकुल चौधरी को धमकी दी।
पुलिस ने यह भी बताया कि महिला ने अपने हाथ पर लॉरेंस बिश्नोई का नाम गुदवा रखा है। हालांकि जांच में अभी तक महिला की लॉरेंस बिश्नोई से किसी मुलाकात या उसके किसी करीबी से संपर्क की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि महिला ने किस उद्देश्य से धमकी दी और क्या उसका किसी अन्य व्यक्ति या नेटवर्क से कोई संबंध है। शामली पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के अनुसार, आरोपी महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले में डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Next Story





