भारत

जनता और सरकार के बीच मजबूत कड़ी हैं सिविल सेवक: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

jantaserishta.com
21 April 2026 11:50 AM IST
जनता और सरकार के बीच मजबूत कड़ी हैं सिविल सेवक: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
x
नई दिल्ली: सिविल सेवा दिवस के मौके पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सभी सिविल सेवकों को दिल से शुभकामनाएं दी हैं और उनके काम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि सिविल सेवक ही वो मजबूत कड़ी हैं जो सरकार और जनता के बीच भरोसा बनाते हैं और देश के विकास को आगे बढ़ाते हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा, "सिविल सेवा दिवस के अवसर पर सभी सिविल सेवकों को हार्दिक शुभकामनाएं। आपकी प्रतिबद्धता उत्तरदायी शासन को सुदृढ़ करने और सार्वजनिक संस्थाओं को मजबूत बनाने का कार्य निरंतर कर रही है। अभिनव, भविष्योन्मुखी और नागरिक-केंद्रित नीतियों के निर्माण से लेकर जमीनी स्तर पर उनके प्रभावी कार्यान्वयन तक, आपका कार्य लाखों लोगों के जीवन की गुणवत्ता पर गहरा प्रभाव डालता है।"
उन्होंने आगे कहा, "जैसे-जैसे भारत नई आकांक्षाओं के साथ आगे बढ़ रहा है, आपकी सत्यनिष्ठा और संवेदनशीलता, कमियों को दूर करने, समावेशिता को बढ़ावा देने और राज्य तथा उसके नागरिकों के बीच विश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। आप सार्वजनिक सेवा के सर्वोच्च मानकों को निरंतर बनाए रखें और एक अधिक समतामूलक तथा प्रगतिशील राष्ट्र के निर्माण में सार्थक योगदान देते रहें।"
वहीं, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा, "सिविल सेवा दिवस के अवसर पर मैं सभी सिविल सेवकों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं और राष्ट्र के प्रति आपके समर्पण तथा अनुकरणीय सेवा के लिए अपनी सच्ची सराहना व्यक्त करता हूं। भारत की प्रशासनिक संरचना के एक स्थायी स्तंभ के रूप में शासन को सुदृढ़ करने और सार्वजनिक सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में आपके प्रयास अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।"
उन्होंने बताया, "इस वर्ष का विषय "विकसित भारत: नागरिक-केंद्रित शासन और अंतिम छोर तक विकास" विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण के अनुरूप है और यह पारदर्शी, जवाबदेह तथा नागरिक-केंद्रित शासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है, जिसमें अंतिम छोर तक सेवा पहुँचाने और समावेशी विकास पर विशेष जोर दिया गया है।"
उन्होंने कहा, "आज, मैं नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित सिविल सेवा दिवस समारोह में मुख्य भाषण देने के लिए भी उत्सुक हूं। आइए, हम सभी इस दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाएं और एक समावेशी तथा विकसित भारत के निर्माण की दिशा में मिलकर कार्य करते रहें।"
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story