भारत

लालच में बर्बाद: झांसे में आकर लोगों ने लूटा दी अपनी गाढ़ी कमाई, मालिक ने अय्याशी में उड़ाए पैसे

jantaserishta.com
18 Aug 2024 11:52 AM IST
लालच में बर्बाद: झांसे में आकर लोगों ने लूटा दी अपनी गाढ़ी कमाई, मालिक ने अय्याशी में उड़ाए पैसे
x
पहुंच नेताओं और मंत्रियों तक.
उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में पैसे डबल करने का लालच देकर चिटफंड कंपनी सैकड़ों लोगों के करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गई. किसी ने अपने ज्वेलरी गिरवीं रखकर पैसा लगाया था तो किसी ने लोन लेकर, किसी ने अपने दोस्तों, रिश्तेदारों का पैसा जमा कराया था. जब पैसा वापस नहीं मिला तो लोगों ने चिटफंड कंपनी के दफ्तर पर हंगामा किया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया. चिटफंड कंपनी के संचालक ने लोगों की गाढ़ी कमाई अपनी शानो-शौकत में उड़ा दी. महंगी गाड़ियों और लक्जीरियस लाइफ पर पैसा खर्च किया गया.
दरअसल, गंजमुरादाबाद में रहने वाले अनवरुद्दीन उर्फ राजू ने अपने दो बेटे अरबाज उर्फ कशान और अदनान के साथ मिलकर चिटफंड कंपनी की थी. इसका नाम अरबाज ट्रेडिंग और शेयर बाजार रखा था. इसमें रिश्तेदारों को भी जोड़ा था. आरोप है कि अनवरुद्दीन ने चिटफंड कंपनी में लोगों का पैसा डबल करने और पैसों का 15 से 20 प्रतिशत हर महीने लेने की बात कही थी.
लोगों का कहना है कि कुछ दिनों तक तो कुछ लोगों को पैसा लौटाया, लेकिन उसके बाद पैसे देना बिल्कुल बंद कर दिया. पैसे नहीं मिलने पर लोग कंपनी के चक्कर लगाने लगे. कुछ दिनों बाद कंपनी फरार हो गई तो लोगों ने चिटफंड कंपनी के लोगों के घरों के बाहर हंगामा करना शुरू कर दिया. कुछ लोगों का कहना है कि उनकी गाढ़ी कमाई को बाप बेटों ने मिलकर अय्याशी और लक्जीरियस लाइफ में उड़ा दिया. चिटफंड कंपनी के लोगों की पहुंच नेताओं, मंत्रियों तक है.
चिटफंड कंपनी के संचालक अरबाज उर्फ कशान और अदनान दोनों के साथ लक्जरी गाड़ियों का काफिला चलता था. सेलेब्रिटी की तरह रुतबा था. इनका काफिला लखनऊ से दिल्ली तक चलता था. लखनऊ में चौराहों पर लगी नेताओं की होर्डिंग में भी अरबाज उर्फ कशान की फोटो थी. एक फार्च्यूनर पर बाकायदा न्यायधीश का बोर्ड भी नंबर प्लेट के ऊपर लगा रखा था. किसी सेलेब्रिटी या उद्योगपति जैसा रसूख था.
पार्टियों में 500-500 सौ के नोट उड़ाते थे. होटलों में पार्टियां करने लखनऊ से लेकर ख्वाबों की नगरी ताज तक जाते थे. इनके साथ काम करने वाले एजेंटों की भी बल्ले बल्ले थी. होटलों में होने वाली इनकी पार्टी में विदेशी लड़कियां भी आती थीं. इनके कई वीडियो भी सामने आए हैं.
चिटफंड कंपनी में पैसा लगाने वाले लोग अब अपनी मेहनत की कमाई वापस पाने के लिए चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें न पैसा मिल रहा है और न ही कोई आश्वासन. चिटफंड कंपनी में कई महिलाओं ने अपने गहने गिरवीं रखकर पैसे जमा कर दिए. कुछ लोगों ने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से लेकर करोड़ों रुपये जमा कर दिए, जिन्हें लेकर आरोपी फरार हो गए. कई लोगों ने अपने दोस्तों के करोड़ों रुपये तो कई ने 50 लाख से ज्यादा की रकम जमा करवा रखी थी.
करीब चार-पांच महीने से यह मामला चल रहा है. कई लोगों ने पहले भी केस दर्ज कराया था, लेकिन उनके हाथ कुछ नहीं आया. पुलिस सिर्फ कार्रवाई का आश्वासन देती रही. जब लोगों का सब्र टूटा तो 14 अगस्त को सैकड़ों लोगों ने चिटफंड कंपनी के संचालक के घर पर हंगामा शुरू कर दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया. पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया.
सैय्यद मोहम्मद शाहिद अपने उन दोस्तों को साथ लेकर पहुंचे, जिनका उन्होंने पैसा चिटफंड कंपनी में लगवाया था. इन सभी लोगों ने बांगरमऊ थाने में पहुंचकर चिटफंड कंपनी के संचालकों के खिलाफ शिकायत की है. सैय्यद मोहम्मद शाहिद ने कहा कि अपने दोस्तों का साढ़े 65 लाख रुपये कशान और अदनान के कहने पर उनकी अरबाज इंटरप्राइजेज चिटफंड कंपनी में लगा दिए थे. उनके कहने पर दोस्त ने लोन लेकर भी चिटफंड कंपनी और शेयर ट्रेडिंग कंपनी में पैसे लगाए थे. वह कंपनी फरार हो गई है. पैसा कैसे मिलेगा, कहां से मिलेगा, इसका पता नहीं है. हम सभी लोग बहुत ही परेशान हैं.

jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story