भारत

चिराग पासवान का दावा: बिहार में मध्यावधि चुनाव होना तय, LJP में बिखराव को लेकर बोले- 'हमें तो अपनों ने धोखा दिया'

Kunti Dhruw
6 Aug 2021 5:56 PM GMT
चिराग पासवान का दावा: बिहार में मध्यावधि चुनाव होना तय, LJP में बिखराव को लेकर बोले- हमें तो अपनों ने धोखा दिया
x
आशीर्वाद यात्रा के क्रम में लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद चिराग पासवान शुक्रवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे।

आशीर्वाद यात्रा के क्रम में लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद चिराग पासवान शुक्रवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे। इस दौरान सर्किट हाउस में उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले बिहार में मध्यावधि चुनाव तय है। इसके लिए लोजपा तैयारी में जुट गई है।

चिराग ने कहा कि सरकार में शामिल सहयोगी पार्टियों में टकराव की स्थिति है। पिछले विधानसभा चुनाव में लोजपा अकेली थी। पार्टी को छह प्रतिशत वोट मिला था। यदि पार्टी सभी सीटों पर लड़ती तो वोट प्रतिशत दोगुना होता।
लोजपा नेता ने राज्य के सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि तीसरे नंबर की पार्टी के नेता मुख्यमंत्री बने हुए हैं। सीएम के दावे के विपरीत राज्य में अपराध व भ्रष्टाचार चरम पर है। हर दिन हत्या व अपराधिक घटनाएं घट रही हैं। यहां जनप्रतिनिधि भी सुरक्षित नहीं है। हाल में ही मेयर की हत्या कर दी गई।
पार्टी में बिखराव को लेकर चिराग ने कहा कि लोजपा का नेता केवल चिराग पासवान है। संवैधानिक प्रक्रिया और चुनाव आयोग ने मेरे पक्ष में बातें कही हैं। हमें अपनों ने धोखा दिया है। जनता इसका जवाब देगी। कहा कि आशीर्वाद यात्रा में बिहार के लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
Next Story