भारत

चीन का नया पैंतरा: जारी किया नक्शा, भारत के हिस्सों को बताया अपना

jantaserishta.com
29 Aug 2023 10:25 AM GMT
चीन का नया पैंतरा: जारी किया नक्शा, भारत के हिस्सों को बताया अपना
x

DEMO PIC 

नई दिल्ली: चीन की ताजा हरकत से एक बार फिर उसके गलत इरादे जगजाहिर हो गए हैं। चीन ने सोमवार को अपने स्टैंडर्ड मैप का 2023 एडिशन लांच किया, जिसमें अरुणाचल प्रदेश और अक्साई चिन को अपने देश का हिस्सा बता दिया है। इतना ही नहीं, ताइवान और विवादित दक्षिणी चीन को भी चीन के लेटेस्ट नक्शे में दर्शाया गया है। बता दें कि भारत अरुणाचल प्रदेश के बारे में लगातार कहता रहा है कि यह प्रदेश उसका अभिन्न हिस्सा था है और हमेशा रहेगा।
चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर यह नक्शा पोस्ट किया है। इस पोस्ट में लिखा है कि चीन के स्टैंडर्ड मैप का 2023 का ऑफिशियल एडिशन सोमवार को जारी किया गया। इसके मुताबिक इसे प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय द्वारा होस्ट की जाने वाली मानक मानचित्र सेवा की वेबसाइट पर लॉन्च किया गया। ग्लोबल टाइम्स द्वारा प्रदर्शित नक्शे में अरुणाचल प्रदेश, जिसे चीन दक्षिण तिब्बत के रूप में दावा करता है और अक्साई चिन, जिस पर 1962 के युद्ध में उसका कब्जा था, को चीन का हिस्सा दिखाया गया है। भारत ने बार-बार चीन से कहा है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा।
चीन के इस नक्शे में ताइवान द्वीप और दक्षिण चीन सागर के एक बड़े हिस्से को चीनी क्षेत्र के रूप में भी शामिल किया गया है। इन दोनों पर भी चीन ने दावा किया है। चीन ताइवान को अपनी मुख्य भूमि का हिस्सा बताता है और मुख्य भूमि के साथ इसका एकीकरण चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के एक निर्धारित उद्देश्य का हिस्सा है। वियतनाम, फिलीपीन, मलेशिया, ब्रुनेई और ताइवान दक्षिण चीन सागर क्षेत्रों पर अपना दावा करते हैं।
चीन की इस हिमाकत के बाद सियासी हलकों में सवाल उठने शुरू हो गए हैं। शिवसेना (यूबीटी) गुट के नेता संजय राउत ने पीएम मोदी से सवाल पूछा है। संजय राउत ने कहा कि क्या प्रधानमंत्री के अंदर हिम्मत है कि वह चीन पर सर्जिकल स्ट्राइक कर दें? राउत ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री को इस मामले में ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीएम हाल ही में ब्रिक्स सम्मेलन से लौटे हैं। वहां पर उन्होंने चीन के अधिकारियों को गले भी लगाया था। इस तरह की घटनाएं हमारा दिल तोड़ देती हैं। शिवसेना नेता ने आगे कहा कि राहुल गांधी सही कह रहे थे कि चीन हमारे देश में घुस चुका है।
Next Story