भारत

अखिल भारतीय इमाम संगठन के चीफ बोले- मोहन भागवत राष्ट्रपिता हैं, जानें पूरी बात

jantaserishta.com
22 Sept 2022 5:22 PM IST
अखिल भारतीय इमाम संगठन के चीफ बोले- मोहन भागवत राष्ट्रपिता हैं, जानें पूरी बात
x

न्यूज़ क्रेडिट: आजतक

नई दिल्ली: अखिल भारतीय इमाम एसोसिएशन के प्रमुख डॉ. इमाम उमर अहमद इलियासी ने गुरुवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत की खुलकर तारीफ की. डॉ. इलियासी ने मोहन भागवत को 'राष्ट्रपिता' और राष्ट्र ऋषि भी कहा. उन्होंने कहा कि मोहन भागवतजी आज मेरे निमंत्रण पर पधारे. वह 'राष्ट्र-पिता' और 'राष्ट्र-ऋषि' हैं. उनकी आज की यात्रा से देश में एक अच्छा संदेश जाएगा. भगवान की पूजा करने के हमारे तरीके अलग हैं लेकिन सबसे बड़ा धर्म मानवता है. हमारा मानना ​​है कि देश पहले आता है.

बता दें कि गुरुवार सुबह सबसे पहले RSS प्रमुख मोहन भागवत ने ऑल इंडिया मुस्लिम इमाम ऑर्गेनाइजेशन के प्रमुख इमाम उमर अहमद इलियासी समेत अन्य मुस्लिम नेताओं से मुलाकात की. ये मुलाकात दिल्ली के कस्तूरबा गांधी मार्ग मस्जिद में हुई. ये बैठक करीब एक घंटे तक चली. मोहन भागवत की मुस्लिम बुद्धिजीवियों के साथ एक महीने में यह दूसरी बैठक है. इससे पहले मोहन भागवत ने मुस्लिम बुद्धिजीवियों के एक पांच सदस्यीय दल ने मुलाकात की थी.
संघ प्रमुख मोहन भागवत से मिलने वालों में पूर्व सांसद शाहिद सिद्दीकी, पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी, पूर्व उपराज्यपाल नजीब जंग, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति जमीरुद्दीन शाह और कारोबारी सईद शेरवानी शामिल थे. मोहन भागवत से मिलने की पहल मुस्लिम बुद्धिजीवियों की ओर से की गई थी. ये पहल उस समय हुई है जब बीजेपी प्रवक्ता नुपुर शर्मा के पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी से स्थिति बिगड़ी थी.
वहीं, दोपहर में कस्तूरबा गांधी मार्ग मस्जिद में मुस्लिम नेताओं से मुलाकात के बाद RSS प्रमुख मोहन भागवत आजाद बाजार के मदरसे पहुंचे. यहां उन्होंने मदरसा के बच्चों से मुलाकात की. उन्होंने मदरसा के बच्चों से पूछा कि वे क्या पढ़ते हैं. भागवत बच्चों से काफी देर तक मुखातिब हुए यह शायद पहली बार है, जब मोहन भागवत ने अचानक किसी मदरसे का दौरा किया है.
मदरसे में मुलाकात के बाद आरएसएस के इंद्रेश कुमार ने कहा कि ये एक प्रयत्न है. 70 साल से तो लड़वा ही रहे हैं. जोड़ने वाले लोग ताकत से लड़ेंगे तो बांटने वाले कमजोर होंगे. हिंदू-मुस्लिम करना गलत है. मोहनजी मुस्लिमों से पहले मुंबई में मिले, फिर 22 अगस्त को बुद्धिजीवियों से मिले, फिर आज का पेंडिंग इंविटेशन था इलियासी के यहां से. सुदर्शनजी भी इलियासी के पिता के पास मिलने जाते रहते थे.
उन्होंने कहा कि इलियासी का बाड़ा हिंदूराव के पास एक मदरसा है, वहां भी हम गए. बच्चों से पूछा क्या पढ़ते हो, क्या बनोगे. बच्चों ने कहा कि डॉक्टर-इंजीनियर. इस पर भागवतजी ने कहा कि सिर्फ धर्म की पढ़ाई करके कैसे बनोगे. मॉडर्न एजुकेशन देने को लेकर भी इलियासी काम कर रहे हैं. इलियासी ने कहा कि वो संस्कृत भी पढ़ाएंगे, क्योंकि उसका बहुत ज्ञान है. गीता को लेकर भी कहा.
मोहन भागवत ने बच्चों से जय हिंद के नारे भी लगवाए. इलियासी ने मदरसों के सर्वे को लेकर मदनी का जिक्र करते हुए कहा कि जो सर्वे हो रहा है वो ठीक है. मदरसों का सर्वे हो, आधुनिक तालीम दी जाए. 15 अगस्त, 26 जनवरी का कार्यक्रम देश की आन बान शान बन जाये. फतवों की दुनिया को अब मुस्लिम रिजेक्ट कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ओवैसी, PFI को मुस्लिम समाज खारिज कर रही है. पीएफआई जैसे संगठनों पर कार्रवाई उचित है. आरएसएस देशभक्त संगठन है और समाज को जोड़ने और जन सेवा का काम करता है. पीएफआई हिंसा करता है और तोड़ने का काम करता है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story