
x
गोल्ड मेडलिस्ट बेटी के लिए रुका मुख्यमंत्री का काफिला
Assam. असम। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का एक मानवीय अंदाज सामने आया है। मुख्यमंत्री ने सड़क किनारे खड़ी एक पैरा एथलीट लड़की को देखकर अपना काफिला रुकवाया और उससे मुलाकात की। जानकारी के अनुसार, पैरा एथलीट लड़की मुख्यमंत्री को असमिया गमछा (फूलम गमुसा) भेंट करने के लिए इंतजार कर रही थी। जब मुख्यमंत्री की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और लड़की से गमछा स्वीकार किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने लड़की और उसकी मां से बातचीत भी की। बातचीत में मां ने बताया कि उनकी बेटी पैरा स्पोर्ट्स में राष्ट्रीय स्तर की गोल्ड मेडलिस्ट है और उसने अपनी मेहनत से बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री ने पैरा एथलीट बेटी की उपलब्धि की सराहना करते हुए उसका हौसला बढ़ाया। उन्होंने परिवार से कहा कि अगर उन्हें किसी भी तरह की सहायता की जरूरत हो तो वे उन्हें जरूर बताएं।
मुख्यमंत्री के इस व्यवहार की लोगों ने सराहना की। सोशल मीडिया पर भी यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में खिलाड़ियों और आम लोगों की भावनाओं का सम्मान करना प्रेरणादायक है। असम सरकार लगातार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने की बात कहती रही है। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली पैरा एथलीट से मुख्यमंत्री की मुलाकात को खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के रूप में देखा जा रहा है।
Next Story





