भारत

मुख्यमंत्री योगी आज लेंगे कैबिनेट बैठक, कर सकते है मंत्रिमंडल का विस्तार

Nilmani Pal
5 March 2024 1:15 AM GMT
मुख्यमंत्री योगी आज लेंगे कैबिनेट बैठक, कर सकते है मंत्रिमंडल का विस्तार
x

यूपी। उत्तर प्रदेश सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार आज मंगलवार को होना तय माना जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली प्रदेश सरकार के दूसरे कार्यकाल का यह पहला मंत्रिमंडल विस्तार होगा। विस्तार में तीन नए मंत्रियों को शपथ दिलाया जाना तय बताया जा रहा है। हालांकि दो और मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है। मुख्यमंत्री ने सुबह कैबिनेट बैठक बुलाई है और मंत्रिमंडल विस्तार शाम को होने की संभावना है। पिछले कई महीनों से प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें चल रही थीं। सूत्र बताते हैं कि दो दिन पूर्व भाजपा के सहयोगी दलों की नई दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ हुई बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार मंगलवार को किए जाने की तिथि तय की गई थी।

इस विस्तार में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर, भाजपा एमएलसी दारा सिंह चौहान तथा राष्ट्रीय लोकदल से विधायक राजपाल बालियान का मंत्री बनना तय बताया जा रहा है। इन तीनों के अलावा भी प्रदेश सरकार एक-दो और नये चेहरों को मौका दे सकती है। हालांकि राजनीतिक जानकार बताते हैं कि आमचुनाव के बीच प्रदेश सरकारउपरोक्त तीन नामों को छोड़ अन्य किसी नाम पर शायद विचार न करे।

मंत्रिमंडल विस्तार की सूचना सहयोगी दलों के उन विधायकों को है जिन्हें शपथ लेनी है। ये विधायक लखनऊ में जमे हुए हैं। दूसरी तरफ सोमवार को सचिवालय प्रशासन विभाग ने नए मंत्रियों के लिए विधानभवन में कक्ष तैयार कराने शुरू कर दिए हैं। विभागीय कर्मचारी दिनभर इस काम में जुटे हुए थे। बताया जाता है कि मंगलवार को सुबह ही शपथ लेने वाले मंत्रियों को समय की जानकारी सरकार की तरफ से दी जाएगी।


Next Story