भारत

दो एसपीओ की हत्या, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने की कड़ी निंदा

SHIDDHANT
12 Nov 2026 9:23 PM IST
दो एसपीओ की हत्या, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने की कड़ी निंदा
x
दोनों की राइफलें गायब
जम्मू-कश्मीर: मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने किश्तवाड़ जिले में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को कायरतापूर्ण बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने एसपीओ रशपाल कुमार और एसपीओ बाबी चंद की दुखद हत्या पर गहरी पीड़ा जताई है। उन्होंने दिवंगत पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वह उनके परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति और साहस प्रदान करें।
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के मरवाह इलाके में कई घंटों के सर्च ऑपरेशन के बाद लापता दो स्पेशल पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के शव बरामद हुए हैं। साथ ही, दोनों एसपीओ की राइफलें भी गायब मिली हैं। दरअसल, जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों पर हुए हमले के बाद इलाके में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस हमले में अज्ञात हमलावर सुरक्षाकर्मियों पर अंधाधुंध फायरिंग के बाद फरार हो गए थे। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए। कुलगाम में हमले के दूसरे दिन गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों ने जगह-जगह तलाशी ली। साथ ही आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है। वाहन चालकों और यात्रियों के दस्तावेज चेक किए जा रहे हैं।
वहीं, एक अन्य घटनाक्रम में अनंतनाग पश्चिम के विधायक अब्दुल मजीद भट ने गुरुवार को जम्मू स्थित सिविल सचिवालय में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच क्षेत्र के विकास कार्यों, जनकल्याण से जुड़े मुद्दों और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। बैठक में अनंतनाग पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा स्थानीय लोगों की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने का भरोसा दिलाया।
Next Story