भारत

मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव से मिले अखिलेश यादव

Nilmani Pal
21 May 2022 12:22 PM GMT
मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव से मिले अखिलेश यादव
x

दिल्ली। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) से मुलाकात की और देश के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। राव राष्ट्रीय स्तर के राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए सप्ताह भर के अपने दौरे के तहत दिल्ली में हैं। यादव ने यहां तुगलक रोड स्थित मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर उनसे मुलाकात की।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ''समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री केसीआर से मुलाकात की। उनकी बैठक जारी है। दोनों नेता राष्ट्र से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं।'' तेलंगाना के मुख्यमंत्री राव के कार्यक्रम के अनुसार, वह राजनीतिक, मीडिया और आर्थिक विशेषज्ञों से मिलेंगे तथा देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों के परिवारों की मदद भी करेंगे। राव केंद्र के खिलाफ 'किसानों के अधिकारों के लिए आंदोलन' के दौरान जान गंवाने वाले व्यक्तियों के परिवारों से भी मुलाकात करेंगे। वह 22 मई की दोपहर को चंडीगढ़ रवाना होंगे।

राव उन 600 किसानों के परिवारों से मुलाकात करेंगे जिन्होंने अब रद्द कर दिए गए केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ देशव्यापी किसान आंदोलन के दौरान अपनी जान गंवा दी थी। वित्तीय सहायता के रूप में वह प्रत्येक परिवार को तीन लाख रुपये वितरित करेंगे। चेक वितरण का काम दिल्ली और पंजाब के उनके समकक्षों क्रमश: अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के साथ किया जाएगा। यह सहायता पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के किसान परिवारों को दी जाएगी।

Next Story