भारत

मुख्यमंत्री ने कल बुलाई कैबिनेट की पहली बैठक

Shantanu Roy
12 March 2024 3:04 PM GMT
मुख्यमंत्री ने कल बुलाई कैबिनेट की पहली बैठक
x
बड़ी खबर
चंडीगढ़। हरियाणा में भाजपा ने नेतृत्व परिवर्तन कर दिया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के इस्तीफे के बाद चंडीगढ़ में भाजपा विधायक दल की बैठक में कुरुक्षेत्र से सांसद नायब सैनी को मुख्यमंत्री बनाया गया है जिसके बाद नायाब सैनी ने कल कैबिनेट की पहली बैठक बुलाई है। कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद नायब सिंह सैनी हरियाणा के 11वें मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने मंगलवार शाम चंडीगढ़ स्थित राजभवन में शपथ ली। शपथ से पहले उन्होंने मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्‌टर के पैर छुए।
सैनी के बाद कंवर पाल, मूलचंद शर्मा, रणजीत सिंह चौटाला, जयप्रकाश दलाल और डॉ. बनवारी लाल ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। ये पांचों खट्‌टर कैबिनेट में भी थे। नई सरकार ने कल यानी 13 मार्च को विधानसभा का सेशन भी बुला लिया है। जिसमें फ्लोर टेस्ट होगा। नए CM ने कहा कि हमने राज्यपाल को 48 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा है। नए सीएम सैनी मनोहर लाल के करीबी हैं। 27 अक्टूबर 2023 को ही मनोहर लाल की पैरवी पर उन्हें हरियाणा भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया था। पीएम नरेंद्र मोदी समेत भाजपा नेताओं ने सैनी को सीएम बनने पर बधाई दी।
इससे पहले मंगलवार सुबह मनोहर लाल ने BJP और जननायक जनता पार्टी (JJP) का गठबंधन टूटने के बाद मंगलवार सुबह 11.50 बजे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। जिसके बाद चंडीगढ़ के हरियाणा निवास में विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें सैनी को नेता चुना गया। फिर 54 साल के नायब सिंह सैनी ने राजभवन पहुंचकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। गठबंधन टूटने के बाद JJP ने भी दिल्ली में अपने विधायकों की बैठक बुलाई। पार्टी के 10 में से 5 विधायक इस बैठक में नहीं पहुंचे। ये सभी BJP के संपर्क में बताए जा रहे हैं। जजपा कल हिसार में रैली कर अगली रणनीति का ऐलान करेगी।
Next Story