
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या पूरी होने के बाद विभिन्न उच्च न्यायालयों में मुख्य न्यायाधीशों के खाली पदों को भी तेजी से भरा जाना शुरू हो गया है। रविवार को चार उच्च न्यायालयों में मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति कर दी गई। अभी कुछ और उच्च न्यायालयों में इन पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं।
इसकी जानकारी देते हुए कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने ट्विटर पर नई नियुक्तियों की घोषणा की। कानून मंत्री ने किया नामों का ऐलान उन्होंने ट्विटर पर लिखा, "भारत के संविधान के तहत प्रासंगिक प्रावधानों के अनुसार, निम्नलिखित न्यायाधीशों को विभिन्न उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों के रूप में नियुक्त किया जाता है। मैं उन सभी को शुभकामनाएं देता हूं!"
गुजरात हाईकोर्ट की CJ बनी न्यायमूर्ति सोनिया गिरिधर गोकानी गुजरात उच्च न्यायालय की न्यायाधीश न्यायमूर्ति सोनिया गिरिधर गोकानी को वहीं का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। उन्हें शुक्रवार को गुजरात उच्च न्यायालय का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था, जबकि इसके मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरविंद कुमार को पदोन्नति देकर सुप्रीम कोर्ट में नियुक्त कर दिया गया।
राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संदीप मेहता को गौहाटी उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। ओडिशा उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति जसवंत सिंह को त्रिपुरा उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। गौहाटी उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह को जम्मू कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। लोकप्रिय खबरें
