भारत
'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम आज प्रयागराज में, राहुल गांधी युवाओं से करेंगे संवाद
jantaserishta.com
8 Aug 2026 9:52 AM IST

x
प्रयागराज: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सासंद राहुल गांधी शनिवार को प्रयागराज के केपी ग्राउंड में कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे बड़ी संख्या में जुटे छात्रों से संवाद करेंगे।
कार्यक्रम को लेकर कुछ दिन पहले विवाद खड़ा हो गया था। केपी ट्रस्ट ने पहले कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी थी। लेकिन ट्रस्ट ने कुछ शर्तों के साथ कांग्रेस को कार्यक्रम करने की इजाजत दे दी थी। इसके बाद तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजन होगा।
कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि यूपी सरकार इस कार्यक्रम को रोकने की कोशिश कर रही है। पार्टी ने कहा था कि चाहे जो चुनौती हो, 'छात्रों की गूंज' तय समय पर होगा। कांग्रेस के बयान के अनुसार राहुल गांधी 8 अगस्त को दोपहर 2 बजे दिल्ली से प्रयागराज के लिए रवाना होंगे। दोपहर करीब 3:30 बजे वे प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे आनंद भवन जाएंगे और फिर केपी ग्राउंड पहुंचकर छात्रों से बातचीत करेंगे।
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राहुल गांधी का पूरा कार्यक्रम साझा किया। उनके मुताबिक नेता प्रतिपक्ष शाम 6 बजे से रात 8:30 बजे तक केपी ग्राउंड में छात्रों से संवाद और संबोधन करेंगे। कार्यक्रम के बाद वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और रात करीब 9:30 बजे विशेष विमान से दिल्ली लौट जाएंगे।
नई दिल्ली में हुई संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सांसद किशोरी लाल शर्मा, तनुज पुनिया और इमरान मसूद ने कहा कि भाजपा राहुल गांधी के छात्र-युवा मुद्दों को उठाने से घबरा गई है।
प्रयागराज में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी कहा कि चाहे अनुमति अस्थायी रूप से वापस ली गई हो, पार्टी कार्यक्रम करेगी। कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने आरोप लगाया कि भाजपा इस कार्यक्रम को रोकना चाहती थी क्योंकि वह युवाओं में राहुल गांधी के बढ़ते समर्थन से डरी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं को लगातार उठाती रहेगी।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





