भारत
चैटजीपीटी निर्माता ओपनएआई ने भारत में अपना पहला कार्यालय खोलने की योजना की पुष्टि की
jantaserishta.com
22 Aug 2025 11:31 AM IST

x
नई दिल्ली: चैटजीपीटी निर्माता ओपनएआई ने शुक्रवार को इस वर्ष के अंत में नई दिल्ली में अपना पहला भारतीय कार्यालय खोलने की योजना की पुष्टि की। साथ ही, देश में कंपनी के टूल्स के तेजी से अपनाए जाने के नए आंकड़े भी सामने आए।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि भारत में कार्यालय खोलना ओपनएआई के सरकार के इंडियाएआई मिशन के प्रति समर्थन और भारत के लिए एआई के निर्माण हेतु सरकार के साथ साझेदारी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इससे ओपनएआई भारत में अपने यूजर्स को बेहतर सेवा प्रदान कर सकेगा, जिनमें लाखों छात्र, शिक्षक, पेशेवर और डेवलपर शामिल हैं, जो सीखने, अधिक रचनात्मक होने और स्वयं तथा दूसरों के लिए समस्याओं का समाधान करने के लिए ओपनएआई के टूल्स का इस्तेमाल करते हैं।
ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने कहा, "भारत में एआई के लिए उत्साह और अवसरों का स्तर अविश्वसनीय है। भारत में अद्भुत तकनीकी प्रतिभा, विश्वस्तरीय डेवलपर इकोसिस्टम और इंडियाएआई मिशन के माध्यम से मज़बूत सरकारी समर्थन के साथ ग्लोबल एआई लीडर बनने के सभी गुण मौजूद हैं। अपना पहला कार्यालय खोलना और एक स्थानीय टीम बनाना, देश भर में एडवांस एआई को अधिक सुलभ बनाने और भारत के लिए, और भारत के साथ एआई का निर्माण करने की हमारी प्रतिबद्धता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहला कदम है।"
यह विस्तार एआई में भारत के ग्लोबल नेतृत्व, इसके फलते-फूलते एआई इकोसिस्टम और देश भर के लोगों, डेवलपर्स और व्यवसायों के बीच ओपनएआई के एडवांस एआई टूल्स की बढ़ती मांग को दर्शाता है।
भारत यूजर्स को लेकर अमेरिका के बाद, चैटजीपीटी का दूसरा सबसे बड़ा बाजार है और इसके सबसे तेजी से बढ़ते बाज़ारों में से एक है। भारत में चैटजीपीटी के वीकली एक्टिव यूजर्स की संख्या पिछले एक वर्ष में 4 गुना से अधिक बढ़ गई है।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, "भारत में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने का ओपनएआई का निर्णय डिजिटल इनोवेशन और एआई अपनाने में देश के बढ़ते नेतृत्व को दर्शाता है।" केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, "भारत एआई मिशन के हिस्से के रूप में, हम विश्वसनीय और समावेशी एआई के लिए एक इकोसिस्टम का निर्माण कर रहे हैं और हम एआई के लाभों को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने के इस दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में ओपनएआई की साझेदारी का स्वागत करते हैं।"
ओपनएआई प्लेटफॉर्म पर यह देश वैश्विक स्तर पर शीर्ष 5 डेवलपर बाजारों में भी शुमार है। चैटजीपीटी पर दुनिया भर में छात्रों की सबसे बड़ी आबादी भारत में है। हालांकि नई दिल्ली में कार्यालय के सटीक स्थान की जानकारी अभी तक पुष्टि नहीं हुई है, ओपनएआई ने आधिकारिक तौर पर भारत में एक इकाई स्थापित कर ली है और एक डेडिकेटेड स्थानीय टीम की नियुक्ति शुरू कर दी है।
यह टीम स्थानीय भागीदारों, सरकारों, व्यवसायों, डेवलपर्स और शैक्षणिक संस्थानों के साथ संबंधों को मजबूत करने पर भी ध्यान केंद्रित करेगी। इस स्थानीय उपस्थिति के माध्यम से ओपनएआई भारत भर के यूजर्स, ग्राहकों और भागीदारों की बात ध्यान से सुनने और विशेष रूप से भारत के लिए सुविधाएं और उपकरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिन्हें एडवांस एआई को पूरे देश के लोगों के लिए अधिक किफायती और सुलभ बनाने के लिए डिजाइन किया गया है।
भारत भर के स्थानीय व्यवसाय और संस्थान पहले से ही महत्वपूर्ण चुनौतियों, जैसे एआई-पावर्ड कृषि सेवाएं, सुव्यवस्थित भर्ती और प्रभावी शासन उपकरण से निपटने के लिए ओपनएआई के टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं।
भविष्य में ओपनएआई इस महीने भारत में अपना पहला एजुकेशन समिट आयोजित करेगा। इस वर्ष के अंत में कंपनी भारत में अपना पहला डेवलपर डे आयोजित करेगा, जिसमें देश के डेवलपर्स, स्टार्टअप्स और एआई के भविष्य को आकार देने वाले उद्यमों का समुदाय एक साथ आएगा। ओपनएआई ने कहा कि कंपनी भारत में पदों के लिए सक्रिय रूप से हायरिंग कर रही है। नए कार्यालय और नियोजित गतिविधियों के बारे में अधिक जानकारी आने वाले महीनों में घोषित की जाएगी।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





