भारत

चरखी दादरी में डबल मर्डर से सनसनी, जमीन के विवाद में पति-पत्नी की निर्मम हत्या

SHIDDHANT
28 Nov 2026 7:30 PM IST
चरखी दादरी में डबल मर्डर से सनसनी, जमीन के विवाद में पति-पत्नी की निर्मम हत्या
x
लाठी-डंडों से पीटकर दंपती की हत्या, आरोपी फरार
हरियाणा: चरखी दादरी जिले के गांव काकड़ोली हट्ठी में शनिवार को हुए दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हत्या का आरोप परिवार के सदस्य पर ही लगा है। जमीन विवाद के चलते एक दंपती की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान सुंदर (50) और उनकी पत्नी भानवती देवी (48) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक सुंदर का अपने बड़े भाई शमशेर के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि दोपहर के समय खेतों में बने घर पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। झगड़े के बाद आरोपी ने सुंदर और उनकी पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मामले में आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी दोनों शवों को काकड़ोली हट्ठी से हड़ौदी रोड पर डालकर अपनी आल्टो कार लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार और बाढड़ा थाना प्रभारी सुखबीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है।
मृतक दंपती के परिवार में उनकी एक शादीशुदा बेटी और 14 वर्षीय बेटा प्रिंस है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए देर शाम चरखी दादरी सिविल अस्पताल लाया जाएगा। मामले की जांच जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई जवानों को जिले की अलग-अलग जगहों पर तैनात किया है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी शमशेर अपने पूरे परिवार के साथ जिस कार से फरार हुआ है, उसके नंबर की जानकारी पुलिस को मिल गई है।
Next Story