भारत

कल सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे चरणजीत सिंह चन्नी

Nilmani Pal
19 Sept 2021 7:24 PM IST
कल सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे चरणजीत सिंह चन्नी
x

पंजाब। चरणजीत सिंह चन्नी कल सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे चरणजीत सिंह चन्नी ने राज्यपाल से मुलाकात की थी। मिडिया से बातचीत बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि कल 5 बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई। सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से जो फैसला लिया उस बारे में आज राज्यपाल के सामने दावा पेश किया। कल 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसके बाद पार्टी अध्यक्ष और नेता संबोधित करेंगे।

बता दें कि पंजाब में नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर कई घंटों की माथापच्ची के बाद रविवार शाम को चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) के नाम पर मुहर लग गई. वह राज्य के अगले मुख्यमंत्री (Punjab New CM) होंगे. पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत (Harish Rawat) ने चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब कांग्रेस के विधायक दल का नेता चुने जाने का ऐलान किया. चन्नी से पहले पंजाब सरकार में मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के नाम को तकरीबन फाइनल बताया जा रहा था, लेकिन आखिरी समय में उनके नाम की जगह चरणजीत सिंह के नाम का ऐलान किया गया. यह पहली बार होगा, जब पंजाब में दलित नेता को राज्य की कमान सौंपी गई है.

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद चन्नी समेत कांग्रेस नेता शाम को राज्यपाल से मुलाकात करने पहुंचे. प्रभारी हरीश रावत ने पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात का समय मांगा था. चन्नी के साथ राजभवन नवजोत सिंह सिद्धू और हरीश रावत भी गए हैं. चन्नी को कैप्टन अमरिंदर सिंह का विरोधी बताया जाता रहा है. कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद से ही पंजाब के नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं.

पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ने ट्वीट किया, ''मुझे यह घोषणा करते हुए अपार खुशी हो रही है कि चरणजीत सिंह चन्नी को सर्वसम्मति से पंजाब के कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया है.'' इससे पहले आखिरी समय तक सुखजिंदर सिंह रंधावा के मुख्यमंत्री बनने की बातें सामने आ रही थीं, लेकिन ऐलान से कुछ देर पहले पता चला कि एक गुट की मांग है कि दलित सिख को मुख्यमंत्री बनाया जाए. इसके बाद चरणजीत सिंह चन्नी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया. चन्नी के नाम पर दिल्ली में मौजूद कांग्रेस आलाकमान ने भी मंजूरी दे दी.

Next Story