भारत

चप्पल गर्ल: पीछा कर रहा था युवक, युवती ने कर दी धुनाई

Nilmani Pal
7 Sep 2021 4:29 PM GMT
चप्पल गर्ल: पीछा कर रहा था युवक, युवती ने कर दी धुनाई
x
सोशल मीडिया में वायरल हो रहा वीडियो

कुछ समय पहले लखनऊ की 'थप्पड़ गर्ल' सोशल मीडिया पर छाई थी। हजरतगंज में एक कैब ड्राइवर को पीटने के बाद उसका वीडियो खूब वायरल हुआ था। अब एक चप्पल गर्ल छाई है। यह चप्पल गर्ल भी यूपी से ही है। लखनऊ के पड़ोसी जिले रायबरेली की रहने वाली इस चप्पल गर्ल का वीडियो भी सोशल मीडिया पर छा गया है। छेड़खानी के बाद एक युवक को बीच सड़क चप्पलों से पीटने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने भी संज्ञान लिया लेकिन यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि मनचले की मनोदशा ठीक नहीं है। युवती घुरवारा बाजार में सामान खरीदने गई थी। स्थानीय युवक उसका पीछा कर रहा था। युवती ने कई बार उसे ऐसा करने से रोका, लेकिन वह नहीं माना। जब युवती घर जाने लगी, तब भी मनचला उसके पीछे लगा रहा है और मोबाइल नंबर देने का दबाव बनाया।

उसकी हरकतों से तंग युवती का गुस्सा बीच राह ही फूट पड़ा। उसने आरोपित को चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। यह दृश्य देख हर कोई अवाक रह गया। करीब आधे घंटे तक विवाद और पिटाई के कारण राहगीर भी ठिठक गए। हालांकि, किसी ने ये पूछने की जहमत नहीं उठाई कि आखिर माजरा क्या है। काफी देर बाद स्थानीय लोग मौके पर आए और युवती का पक्ष लेते हुए मनचले को डपटकर भगा दिया। पीड़िता भी घर चली गई। पूरी घटना घुरवारा पुलिस चौकी के बगल में हुई। बावजूद इसके, पुलिस को मामले की भनक सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होने पर लगी। कोतवाल बृजमोहन ने बताया कि युवक के बारे में पता किया गया है। उसकी मनोदशा ठीक नहीं है। वह नशे में भी था। इसी वजह से उस पर कार्रवाई नहीं की गई। युवती ने भी अब तक कोई तहरीर नहीं दी है। यदि तहरीर मिलती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Next Story