
x
1. बिगड़ी व्यवस्था
भागलपुर। बिहार के भागलपुर में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ उमड़ने से अफरा-तफरी मच गई। सैंडिस कंपाउंड मैदान में मगही स्टार रोशन रोही और भोजपुरी अभिनेत्री डिंपल सिंह को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों की एक झलक पाने के लिए लोगों में होड़ मच गई। देखते ही देखते भीड़ बेकाबू होने लगी और कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई बैरिकेडिंग टूट गई। हालात संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, सैंडिस कंपाउंड मैदान में आयोजित कार्यक्रम को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह था। रोशन रोही और डिंपल सिंह की मौजूदगी के कारण बड़ी संख्या में प्रशंसक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। शुरुआत में स्थिति सामान्य थी, लेकिन जैसे-जैसे लोगों की संख्या बढ़ती गई, भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल होने लगा। बताया जा रहा है कि कलाकारों को नजदीक से देखने के लिए दर्शक लगातार आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान मैदान में सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगाई गई बांस की बैरिकेडिंग टूट गई। बैरिकेडिंग टूटते ही कई लोग आगे की ओर बढ़ गए, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
कार्यक्रम स्थल पर रखे सोफे भी इधर-उधर बिखरे दिखाई दिए। अचानक बिगड़ी व्यवस्था के कारण वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। भीड़ को पीछे हटाने और स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने लाठियां भांजीं। पुलिस की कार्रवाई के बाद लोग इधर-उधर हटने लगे। कुछ देर तक मैदान में अव्यवस्था का माहौल बना रहा। हालांकि, घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल के अलावा अग्निशमन विभाग की गाड़ियां और जवान भी तैनात किए गए थे। इसके बावजूद दर्शकों की भारी संख्या के कारण व्यवस्था प्रभावित हुई।घटना के दौरान मैदान में उमड़ी भीड़ की तस्वीरें और ड्रोन से लिए गए दृश्य भी सामने आए हैं। इनमें कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी दिखाई दे रही है। इस घटना ने बड़े सांस्कृतिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेष रूप से लोकप्रिय कलाकारों के कार्यक्रमों में दर्शकों की संख्या को देखते हुए मजबूत बैरिकेडिंग और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम जरूरी माने जाते हैं।
Next Story





