भारत

चंपत राय से पूछताछ शुरू, SIT ने जमीन खरीद मामले पर लिया संज्ञान

Nilmani Pal
3 July 2026 7:06 AM IST
चंपत राय से पूछताछ शुरू, SIT ने जमीन खरीद मामले पर लिया संज्ञान
x
ब्रेकिंग

यूपी। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच के लिए एक बार फिर एसआईटी अयोध्या पहुंच चुकी है। गुरुवार को राम जन्मभूमि परिसर पहुंची टीम ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा कम दाम की जमीन अधिक दाम में खरीदने के आरोपों की जांच शुरू की है। अधिकारियों ने 2021 से लेकर वर्तमान समय तक जितनी भी जमीन खरीदी गई है, उसके दस्तावेज और बैंक लेनदेन का रिकॉर्ड मांगा है। मामले में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ,सदस्य डॉ. अनिल मिश्र और गोपाल राव से पूछताछ की है।

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने 2021 में ही जमीन खरीद के मामले को उठाया था। अब चढ़ावा चोरी का मामला सामने आया तो दोबारा संजय सिंह ने ट्रस्ट पर हमले तेज कर दिए। कुछ दिन पहले एसआईटी को जमीनों से जुड़े कागजात सौंपे और दावा किया था कि ट्रस्ट ने कम दाम की जमीनों को अधिक में खरीद कर राम भक्तों द्वारा दिए गए दान के रुपयों का दुरुपयोग किया है। संजय सिंह का सीधे निशाना महासचिव चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्र था। जो कागजात एसआईटी को उपलब्ध कराए गए उन पर चंपत राय और अनिल मिश्रा के ही हस्ताक्षर थे।

सूत्र बताते हैं कि एसआईटी के अधिकारी पहले संजय सिंह द्वारा दिए गए कागजात की जांच लखनऊ से ही अयोध्या कैंट (फैजाबाद) के संबंधित विभाग से कराई है। गुरुवार को दोपहर बाद यहां पहुंचने के कारण ट्रस्ट कई कागजात अधिकारियों को उपलब्ध नहीं करा सका है। सूत्र बताते हैं कि शुक्रवार को राजस्व विभाग के कुछ अधिकारियों से जानकारियां हासिल की जा सकती हैं। अधिकारी खतौनी, खसरा दाखिल-खारिज जमीन की नाप और कब्जा विवाद आदि विषयों पर मंथन कर रहे हैं।

सूत्र बताते हैं कि इस बार जांच में राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी ही नहीं, कुछ प्रमुख बाहरी लोग भी शामिल हो सकते हैं। जमीन खरीदने और बेचने में सांसद संजय सिंह ने जिन लोगों पर आरोप लगाया है वह भी पूछताछ की जद में बताए जा रहे हैं। सूत्र यह भी बताते हैं कि 2021 के बाद खरीदी गई जमीनों के अभिलेख भी खंगाले जा रहे हैं। जिसमें ट्रस्ट के सदस्य गोपाल राव की भूमिका अधिक बताई जा रही है। कुछ वर्ष पहले खरीदी गई जमीन में कौन-कौन लोग शामिल थे यह भी जांच का विषय बताया जा रहा है।

Next Story