भारत

घोड़ी पर बैठे दूल्हे का कटा चालान, गंदगी फैलाने का लगा आरोप

Nilmani Pal
7 Feb 2022 1:14 AM GMT
घोड़ी पर बैठे दूल्हे का कटा चालान, गंदगी फैलाने का लगा आरोप
x
पढ़े पूरी खबर

एमपी। ग्वालियर में घोड़ी पर बैठे एक दूल्हे पर नगर निगम ने जुर्माना ठोक दिया। वजह थी कि जिस घोड़ी पर दूल्हा बैठा था उसने सड़क पर गोबर कर दिया था और इससे फैली गंदगी के कारण नगर निगम की टीम ने चालानी कार्रवाई की। घोड़ी का मालिक साथ नहीं था तो चालान का जुर्माना दूल्हे को अपनी जेब से भरना पड़ा। जब दूल्हे ने 500 रुपए का जुर्माना चुका दिया तब बारात आगे बढ़ सकी।

इन दिनों शादी का सीजन चल रहा है और सड़कों पर जगह-जगह बारात निकलते दिखाई दे रही हैं। एक रोचक मामला भी सामने आया है। रविवार की सुबह बैंड बाजों के साथ सराफा बाजार से बरात निकल रही थी, दूल्हा घोड़ी पर बैठा था और अचानक घोड़ी ने गोबर कर दिया। घोड़ी के गोबर करने पर सड़क पर गंदगी फैल गई और उसी दौरान नगर निगम की टीम भी वहां पहुंच गई। नगर निगम के अमले ने गंदगी देखकर बरात को रुकवा लिया।

नगर निगम के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म पवनानी ने गंदगी फैलाने पर 500 रुपए जुर्माना चुकाने को कहा लेकिन मौके पर घोड़ी का मालिक नहीं था। आधा घंटे तक बहस हुई और बारात को आगे बढ़ाने के लिए दूल्हे को ही 500 रुपए देना पड़़े। इसके बाद जुर्माना वसूली की नगर निगम ने रसीद देकर बारात को आगे बढ़ने की परमिशन दी। नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल ने बताया कि गंदगी फैलाने वालों पर लगातार शहर में जुर्माना वसूलने की कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान अगर कोई भी गंदगी फैलाते हुए नजर आता है तो उसके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है.



Next Story