भारत

CG BREAKING: बंद कमरे में मिली दंपति की लाश, इलाके में फैली सनसनी

Shantanu Roy
14 Jun 2026 3:45 PM IST
CG BREAKING: बंद कमरे में मिली दंपति की लाश, इलाके में फैली सनसनी
x
छग
Bhilai. भिलाई। भिलाई के कैंप-1 स्थित वृंदानगर क्षेत्र में एक घर से पति और पत्नी के संदिग्ध हालत में शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना राम मंदिर के पास रहने वाले जी वेंकटरमन और उनकी पत्नी जी विद्यावती विजया के घर की है। जानकारी के अनुसार, सुबह जब दोनों ने काफी देर तक दरवाजा नहीं खोला तो सामने रहने वाली वेंकटरमन की मां घर पहुंची। दरवाजा खोलते ही अंदर का दृश्य देखकर वह दहशत में आ गई। बहू का शव सामने कमरे में जमीन पर पड़ा था, जबकि बेटे का शव दूसरे कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला।

घटना देखकर उन्होंने तुरंत छोटे बेटे को बुलाया, जिसने अपने बड़े भाई के शव को फंदे से नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही वैशाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा। इसके बाद फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे घर की जांच कर साक्ष्य जुटाए। घर को पुलिस ने सील कर दिया है।


सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घर से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी। पुलिस के अनुसार, पति का शव नायलॉन की रस्सी से फंदे पर लटका हुआ मिला, जबकि पत्नी जमीन पर पड़ी थी। उनके गले पर भी कुछ निशान पाए गए हैं, जिससे मामले को संदिग्ध माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक जी वेंकटरमन ई-रिक्शा चलाने का काम करता था।

पति-पत्नी दोनों घर में ही रहते थे। मोहल्ले में किसी बड़े विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच आपसी विवाद की बात भी जांच में देखी जा रही है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। शुरुआती आशंका यह भी जताई जा रही है कि पहले पत्नी की मौत हुई और बाद में पति ने आत्महत्या की हो सकती है, लेकिन पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि दोनों की मौत किस परिस्थिति में हुई और इसके पीछे असली कारण क्या था। पूरे इलाके में इस घटना के बाद शोक और दहशत का माहौल है।
Next Story