जिला अस्पताल में छत का प्लास्टर गिरा, 3 महिलाएं और नवजात घायल

भिंड। भिंड जिला अस्पताल की स्पेशल न्यू बॉर्न केयर यूनिट (SNCU) वॉर्ड की छत का प्लास्टर भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त वॉर्ड में माताएं अपने नवजात बच्चों को दूध पिला रही थीं। मलबा गिरने से तीन महिलाएं और एक नवजात शिशु घायल हो गए। सभी को तुरंत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 1 बजे वॉर्ड में अचानक तेज आवाज आई और छत का प्लास्टर सीधे बेड के पास गिरा, जिससे वहां मौजूद महिलाएं बुरी तरह घबरा गईं। वे अपने बच्चों की जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं। वॉर्ड में भगदड़ और अफरा तफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद अस्पताल का स्टाफ पहुंचा और घायलों को बाहर निकाला। स्टाफ ने आनन-फानन में घायल महिलाओं और शिशु को ट्रॉमा सेंटर में भेजा। डॉक्टरों के मुताबिक, प्राथमिक उपचार के बाद अब सभी की हालत खतरे से बाहर है। एहतियात के तौर पर वॉर्ड में भर्ती अन्य सभी नवजात बच्चों को तुरंत दूसरे सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया।
हादसे के बाद मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने इतने जर्जर भवन में मरीजों और नवजातों को रखने पर गहरी नाराजगी जाहिर की। जिला अस्पताल की यह बिल्डिंग काफी पुरानी और जर्जर है। यहां पहले भी छतों से प्लास्टर गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
इस बड़े देश के लिए एक छोटी सी खबर है भिंड जिला अस्पताल के एसएनसीयू में छत की सीलिंग गिर गई कुछ नवजात और महिलाएं घायल हो गए।
— Anurag Dwary (@Anurag_Dwary) May 10, 2026
समाचार समाप्त pic.twitter.com/kHwyMMDIBf





