भारत
सीबीआई ने हत्या के मामले में वांछित सुजीत कुमार का यूएई से कराया प्रत्यर्पण
jantaserishta.com
26 Nov 2026 2:22 PM IST

x
नई दिल्ली: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 2008 के हत्याकांड में वांछित भगोड़े सुजीत कुमार का यूएई से प्रत्यर्पण कराया है। आरोपी सुजीत कुमार लंबे समय से फरार चल रहा था। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को फिलहाल केरल पुलिस को सौंपा गया है।
सीबीआई ने जानकारी दी कि आरोपी को विदेश मंत्रालय (एमईए), केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) और केरल पुलिस के साथ मिलकर यूएई से भारत वापस लाने में सफलता हासिल हुई है। सीबीआई के अनुसार, सुजीत कुमार, केरल पुलिस की ओर से दर्ज एक हत्या के मामले में वांछित था। वह अक्टूबर 2008 की एक घटना में शामिल था, जिसमें पुरानी रंजिश के चलते उसने और अन्य आरोपियों ने घातक हथियारों से लैस होकर एक गैर-कानूनी समूह बनाया था। उन्होंने उस व्यक्ति पर हमला किया जो सड़क किनारे शिकायतकर्ता से बातचीत कर रहा था। हमलावरों ने पीड़ित को कई गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिसके कारण अस्पताल में इलाज के दौरान उसी दिन उसकी मौत हो गई। सक्षम अदालत में पहले ही चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।
अधिकारियों ने बताया कि केरल पुलिस के अनुरोध पर एनसीबी-नई दिल्ली ने इंटरपोल के माध्यम से सुजीत कुमार के खिलाफ 'रेड नोटिस' जारी करवाया था। इसके बाद, यूएई के अधिकारियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद, यूएई के अधिकारी उसे भारत वापस भेजने के लिए सहमत हो गए।
अधिकारियों ने आगे बताया कि सीबीआई के सक्रिय समन्वय से, केरल पुलिस की एक टीम यूएई गई, जहां सुजीत कुमार को उसे सौंप दिया गया। यह टीम 25 नवंबर को सुजीत कुमार के साथ कोचीन पहुंची।
केंद्रीय एजेंसी ने बताया कि भारत में इंटरपोल के 'नेशनल सेंट्रल ब्यूरो' के रूप में सीबीआई अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग को बढ़ावा देने के लिए 'भारतपोल' के जरिए देश भर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय करती है। 2019 से अब तक, इंटरपोल के माध्यम से 300 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया गया है, जिनमें 2026 में वापस लाए गए 76 भगोड़े भी शामिल हैं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





