भारत

CBI का एक्शन: PESO के वरिष्ठ अधिकारी, रिश्वतखोरी मामले में गिरफ्तार

SHIDDHANT
27 Sept 2025 8:59 PM IST
सांकेतिक तस्वीर (AI)
x
Navi Mumbai नवी मुंबई: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) के संयुक्त मुख्य नियंत्रक राजेंद्र रावत को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एक निजी व्यक्ति राहुल बाचाटेको को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों को विशेष CBI न्यायालय, ठाणे ने पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। सूत्रों के अनुसार, CBI को सूचना मिली थी कि PESO के वरिष्ठ अधिकारी ने निजी सलाहकारों और एजेंटों के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर रिश्वतखोरी की है। इसके आधार पर ट्रैप ऑपरेशन चलाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान आरोपी अधिकारी के घर पर एक निजी व्यक्ति को पैकेज देते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने 9 लाख रुपए रिश्वत अधिकारी की पत्नी को दिए थे। इसके अलावा, 7.5 लाख नकद भी जब्त किए गए, जिनका स्रोत स्पष्ट नहीं हुआ। आरोपी अधिकारी के कार्यालय की तलाशी के दौरान एक अन्य एजेंट ने 8 लाख रुपए रिश्वत देने की बात कबूल की, जो उनकी गाड़ी से बरामद हुई। साथ ही एक आर्किटेक्ट ने 1.5 लाख रुपए रिश्वत देने की बात स्वीकारी, जो किसी अन्य सरकारी अधिकारी को दी जाने वाली थी।

CBI ने अब तक आरोपी अधिकारी और निजी व्यक्ति के निवास और कार्यालय से कुल 26 लाख रुपए नकद जब्त किए हैं। इसके साथ ही कई संदिग्ध दस्तावेज, चैट्स और PESO आवेदन की सूची भी सीज की गई है। CBI का कहना है कि आरोपी अधिकारी ने निजी सलाहकारों और एजेंटों के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया और मामले की जांच जारी है। विशेष CBI कोर्ट में पेश किए जाने के बाद दोनों को 1 अक्टूबर 2025 तक 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया। CBI का कहना है कि इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।
इस कार्रवाई से भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है और अधिकारियों के भ्रष्टाचार के मामलों में कड़ी निगरानी की आवश्यकता पर ध्यान केंद्रित हुआ है।
Next Story