भारत

सावधान! बच्चों की पैरासिटामोल सस्पेंशन अमानक, सप्लाई पर रोक

SHIDDHANT
24 April 2026 11:34 PM IST
सावधान! बच्चों की पैरासिटामोल सस्पेंशन अमानक, सप्लाई पर रोक
x
जांच रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा
जबलपुरJabalpur: मध्य प्रदेश के जबलपुर में सरकारी अस्पतालों और क्लीनिकों में बच्चों को दी जाने वाली पैरासिटामोल पीडियाट्रिक ओरल सस्पेंशन 125 mg/5ml के एक विशेष बैच को जांच में अमानक पाया गया है। करीब डेढ़ साल बाद रिपोर्ट सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से इस दवा के उपयोग और वितरण पर रोक लगा दी है।
जानकारी के अनुसार, यह सैंपल नवंबर 2024 में जांच के लिए भोपाल स्थित सरकारी ड्रग टेस्टिंग लैब भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट अप्रैल 2026 में प्राप्त हुई। जांच में दवा को निर्धारित भौतिक मानकों पर खरा नहीं पाया गया। यह दवा इंदौर स्थित मेसर्स जेनिथ ड्रग्स लिमिटेड द्वारा निर्मित बैच नंबर 41507 की है, जिसकी एक्सपायरी अक्टूबर 2026 निर्धारित थी।
जबलपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने बताया कि दवा में छोटे-छोटे कण पाए गए हैं, जिसके कारण इसे अमानक घोषित किया गया है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दवा की औषधीय क्षमता में कोई कमी नहीं पाई गई है और न ही इसमें किसी हानिकारक तत्व की पुष्टि हुई है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी सिविल अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और क्लीनिकों को निर्देश जारी कर इस बैच की दवा का उपयोग तुरंत रोकने और उपलब्ध स्टॉक वापस मंगाने के आदेश दिए हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस बैच की कितनी मात्रा पहले ही बच्चों को दी जा चुकी है। विभाग ने इसे एहतियाती कार्रवाई बताते हुए कहा है कि घबराने की जरूरत नहीं है। यदि किसी के पास यह बैच की दवा मौजूद है, तो उसका उपयोग न करें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र को सूचित करें।
Next Story