भारत

नकदी बरामदगी से हड़कंप, युवक के बैग से बरामद हुई नोटों की गड्डियां

SHIDDHANT
13 Nov 2025 9:20 PM IST
नकदी बरामदगी से हड़कंप, युवक के बैग से बरामद हुई नोटों की गड्डियां
x
मिला लाखों का कैश
Mughalsarai मुगलसराय: पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर गुरुवार को सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस टीम ने एक युवक को ₹60 लाख नकदी के साथ पकड़ा। यह कार्रवाई RPF (रेलवे सुरक्षा बल) और GRP (गवर्नमेंट रेलवे पुलिस) की संयुक्त जांच के दौरान हुई। दिल्ली-हावड़ा रेल रूट के सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक इस जंक्शन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, जांच टीम फुट ओवर ब्रिज पर गश्त कर रही थी, तभी एक साधारण कपड़ों में दिखने वाले युवक के व्यवहार ने पुलिस का ध्यान खींचा। जवानों ने जब उससे पूछताछ की और उसका पिट्ठू बैग चेक किया, तो उसमें ₹500 के नोटों की मोटी गड्डियां मिलीं। नकदी देखकर पुलिसकर्मी हैरान रह गए।
तुरंत युवक को हिरासत में लेकर RPF थाने लाया गया, जहां कैश की गिनती की गई। पुलिस के अनुसार, बैग से कुल ₹60 लाख रुपये नकद मिले। पूछताछ में युवक ने अपना नाम आयुष राज, निवासी डेहरी ऑन सोन (बिहार) बताया। उसने दावा किया कि यह रकम वह वाराणसी से सासाराम लेकर जा रहा था, लेकिन जब पुलिस ने उससे नकदी से संबंधित दस्तावेज मांगे, तो वह कोई वैध कागजात या सबूत प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी रकम बिना किसी वैध प्रमाण के ले जाना आयकर कानून और रेलवे सुरक्षा नियमों के तहत संदिग्ध गतिविधि की श्रेणी में आता है। फिलहाल नकदी को जब्त कर लिया गया है और मामले की सूचना आयकर विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन को दे दी गई है।
युवक से लगातार पूछताछ की जा रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे किसे देने के लिए वह यात्रा कर रहा था। जांच टीम उसके मोबाइल फोन और कॉल रिकॉर्ड्स की भी जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यदि रकम का स्रोत वैध नहीं पाया गया तो मामला आयकर विभाग के हवाले किया जाएगा। वहीं, GRP और RPF ने त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर निगरानी और चेकिंग और सख्त करने के निर्देश दिए हैं।
Next Story
null