भारत
कॉमेडियन सुनील पाल की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
jantaserishta.com
7 Dec 2024 5:00 PM IST

x
मुंबई: मशहूर कॉमेडियन सुनील पाल की शिकायत पर मुंबई पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और वसूली का मामला दर्ज किया है। सुनील पाल की शिकायत पर मुंबई के सांताक्रुज थाने में मामला दर्ज कर मामले को आगे की जांच के लिए उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में स्थित लालकुर्ती थाने को ट्रांसफर कर दिया है। यह एफआईआर पांच-छह अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 138, 140(2), 308(2), 308(5) के तहत दर्ज की गई।
सुनील पाल के मुताबिक, यह घटना 2 दिसंबर शाम 6.30 बजे से लेकर 3 दिसंबर की शाम आठ बजे के बीच की है। कॉमेडियन ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि जब वह कॉमेडी शो के लिए मेरठ पहुंचे थे, तब पांच-छह लोगों ने उनका अपहरण कर लिया था। अपहरणकर्ताओं ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर आठ लाख रुपये की वसूली की थी।
पाल की पत्नी सरिता ने मंगलवार (3 दिसंबर) को उनके लापता होने की शिकायत मुंबई पुलिस में दर्ज कराई थी, लेकिन कुछ घंटों बाद उन्होंने घोषणा की थी कि वह सुरक्षित हैं और घर पहुंच गए हैं। सुनील पाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर बताया था कि वह सुरक्षित घर वापस आ गए हैं।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो में पाल ने बताया था, "मेरा 2 दिसंबर को अपहरण कर लिया गया था, लेकिन अब मैं सुरक्षित घर वापस आ गया हूं। मैंने पुलिस को अपना बयान दे दिया है। पुलिस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मैं और अधिक जानकारी साझा करूंगा।"
उन्होंने कहा कि अपहरण दिल्ली में मेरठ की सीमा पर हुआ था। उन्होंने अपने प्रशंसकों के प्यार के लिए आभार व्यक्त किया और उनके लिए प्रार्थना करने की अपील की। सुनील पाल के करियर पर नजर डालें तो साल 2005 में ‘ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ में भाग लेने और जीतने के बाद वह मशहूर हो गए। इसके बाद पाल ने ‘ग्रेट इंडियन कॉमेडी शो’ जैसे शो को होस्ट किया और ‘कॉमेडी चैंपियंस’, ‘कॉमेडी सर्कस के सुपरस्टार्स’ का भी हिस्सा रहे। पाल ने ‘बॉम्बे टू गोवा’, ‘भावनाओं को समझो’, ‘मनी बैक गारंटी’, ‘किक’, ‘क्रेजी 4’, ‘फिर हेरा फेरी’, ‘अपना सपना मनी मनी’ जैसी फिल्मों में भी काम किया है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





