भारत
कैबिनेट मंत्री इंदर सिंह चौहान पर महिला सीईओ को धमकाने का मामला दर्ज
Shantanu Roy
25 April 2026 3:59 PM IST

x
Bhopal. भोपाल। मध्य प्रदेश में एक बार फिर जनप्रतिनिधियों के परिजनों से जुड़े विवाद का मामला सामने आया है। पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के बेटे के विवाद और उसके बाद लोधी द्वारा एक आईपीएस अधिकारी को कथित धमकी देने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई इंदर सिंह चौहान पर गंभीर आरोप लगे हैं। इंदर सिंह चौहान के खिलाफ महिला अधिकारी को धमकाने, अभद्र भाषा का उपयोग करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। यह घटना 22 अप्रैल की बताई जा रही है। आलीराजपुर जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रिया काग के साथ यह विवाद हुआ। जानकारी के अनुसार, इंदर सिंह चौहान कन्या विवाह योजना से जुड़े मामलों को लेकर नाराज थे। आरोप है कि उन्होंने उन आवेदनों को निरस्त किए जाने पर आपत्ति जताई, जिनमें पहले से विवाह हो चुका था लेकिन फिर भी आवेदन किए गए थे।
इसी बात को लेकर कार्यालय में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इंदर सिंह चौहान ने सीईओ प्रिया काग पर गुस्सा जताते हुए उन्हें धमकी दी। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि “तेरे दांत तोड़ दूंगा, तुझे यहीं जिंदा गाड़ दूंगा, यहां सब मेरी मर्जी से होगा।” बताया गया कि वे सीईओ की ओर मारने के लिए भी बढ़े और उनका रास्ता रोकने की कोशिश की। इस दौरान कार्यालय में मौजूद लेखाधिकारी सावन भिंडे ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। घटना के बाद सीईओ प्रिया काग ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 22 अप्रैल को दोपहर लगभग 3 बजे जब वे अपने कार्यालय पहुंचीं, तभी यह विवाद हुआ। उनके अनुसार, उन्हें न केवल धमकाया गया बल्कि कार्यस्थल पर असुरक्षित माहौल भी बनाया गया, जिससे वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
पुलिस ने इस मामले में इंदर सिंह चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132, 224, 221, 351(2) और 126(2) के तहत मामला दर्ज किया है। आलीराजपुर के एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया ने जानकारी दी कि एफआईआर दर्ज करने के बाद 24 अप्रैल को आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। इस पूरे मामले पर कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनका अपने भाई से कोई व्यक्तिगत संपर्क नहीं है। उन्होंने कहा कि इंदर सिंह अलग रहते हैं और वे अपने काम खुद करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके भाई ने क्या कहा या किससे क्या व्यवहार किया, इस बारे में वे कुछ नहीं कह सकते और कानून अपना काम करेगा।
Tagsइंदर सिंह चौहाननागर सिंह चौहानमहिला सीईओ धमकीआलीराजपुरकन्या विवाह योजनामध्य प्रदेश विवादएफआईआरबीजेपी नेता विवादप्रशासनिक अधिकारी सुरक्षाInder Singh ChauhanNagar Singh Chauhanwoman CEO threatAlirajpurKanya Vivah YojanaMadhya Pradesh controversyFIRBJP leader controversyadministrative officer security
Next Story





