भारत

स्कूल में छात्रा की मौत का मामला: परिजनों के आरोप, स्कूल प्रबंधन का जवाब, सीसीटीवी का डीवीआर जब्त

jantaserishta.com
23 Sept 2025 4:53 PM IST
स्कूल में छात्रा की मौत का मामला: परिजनों के आरोप, स्कूल प्रबंधन का जवाब, सीसीटीवी का डीवीआर जब्त
x
मामले ने तूल पकड़ लिया है.
नोएडा: नोएडा के सेक्टर-20 थाना क्षेत्र स्थित प्रेसीडियम स्कूल में 4 सितंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में छात्रा की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतका की मां ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि घटना को 15 दिन से अधिक बीत चुके हैं, लेकिन अब तक किसी भी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
परिजनों के अनुसार, 4 सितंबर को छात्रा स्कूल में शिक्षक दिवस (टीचर्स डे) कार्यक्रम के लिए गई थी। कुछ देर बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से मां को फोन कर बताया गया कि उनकी बेटी बेहोश हो गई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि बच्ची को "ब्रॉट डेड" यानी मृत अवस्था में लाया गया था। तृप्ता शर्मा का कहना है कि उन्हें अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर बेटी के आखिरी समय में उसके साथ क्या हुआ।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी स्पष्ट नहीं है और बिसरा सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेजा गया है। तनिष्का की मां का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन पूरे मामले में लापरवाही बरत रहा है और सच्चाई छुपाई जा रही है। उन्होंने वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री और प्रशासन से अपील की है कि उनकी बेटी को न्याय दिलाया जाए।
वहीं, इस पूरे मामले पर प्रेसीडियम स्कूल की प्रिंसिपल मानवता शारदा ने अपना बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि स्कूल जांच में पूरी तरह सहयोग कर रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से संबंधित डीवीआर जब्त कर लिया है और स्टाफ के बयान भी दर्ज किए गए हैं। प्रिंसिपल का कहना है कि छात्रा के गिरने और चोट लगने जैसी बात असत्य है, क्योंकि उसके शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए।
स्कूल प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया कि जैसे ही बच्ची बेहोश हुई, उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस की ओर से भी मामले की जांच जारी है और स्कूल प्रबंधन का कहना है कि वे हर संभव सहयोग कर रहे हैं। इस बीच, परिजनों का कहना है कि वे किसी भी कीमत पर सच्चाई सामने लाना चाहते हैं। उनका कहना है कि जब तक बेटी की मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हो जाती, वे न्याय की लड़ाई जारी रखेंगे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story