भारत

बड़े उद्योगपति की हत्या का मामला, पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, जेल के अंदर छापा

jantaserishta.com
5 July 2025 4:31 PM IST
बड़े उद्योगपति की हत्या का मामला, पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, जेल के अंदर छापा
x
देखें लाइव वीडियो.
पटना: राजधानी पटना में शुक्रवार रात करीब 11 बजे अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया. बेखौफ बदमाशों ने नामी कारोबारी गोपाल खेमका की उनके अपार्टमेंट के सामने ही गोली मारकर हत्या कर दी. घटना उस वक्त हुई जब गोपाल खेमका अपनी कार से उतरकर अपार्टमेंट में दाखिल हो रहे थे. तभी घात लगाए बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए. गोली लगते ही कारोबारी वहीं गिर पड़े, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. व्यापारी के हत्या के मामले में पुलिस को शक है कि हत्या की साजिश बेउर जेल में रची गई थी, इसीलिए पटना की पुलिस की कई टीम इस वक्त जेल में छापेमारी कर रही है.
इस हत्याकांड का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि हमलावर कितनी बेरहमी से वारदात को अंजाम देकर मौके से भाग निकले. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्यारों की तलाश में कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
गोपाल खेमका हत्याकांड को लेकर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मामले में स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
डिप्टी सीएम ने कहा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि जो लोग कानून हाथ में लेंगे, पुलिस उनके घर में घुसकर मारेगी. इसके साथ ही जिन अधिकारियों की लापरवाही से ऐसी घटना घटी है, उन्हें भी बख्शा नहीं जाएगा. अगले 24 घंटे में संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जाएगी.
सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि न्याय देना सरकार की जिम्मेदारी है और बिहार में कोई ऑर्गेनाइज्ड क्राइम नहीं है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस हत्याकांड की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया गया है और टीम को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
उन्होंने कहा, 'एसआईटी हर पहलू की बारीकी से जांच करेगी और कोई भी अपराधी चाहे जितना भी ताकतवर हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा. सरकार हर बिंदु पर जांच करेगी और इस जघन्य हत्याकांड में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा.'
मर्डर मामले पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि हमारी नजर उन अधिकारियों पर है, जो उस 'जंगल राज' के दौरान पले-बढ़े थे. जिन गैरजिम्मेदार अधिकारियों ने सख्त और त्वरित कार्रवाई नहीं की है, उनकी जवाबदेही तय की जाएगी. उन्होंने कहा, यह दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है. बुलडोजर की कार्रवाई होगी, एनकाउंटर होगा.
विजय सिन्हा ने कहा, 'यह दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है. जो लोग इसे 'महा जंगल राज' कह रहे हैं, वे यहां 'गुंडा राज' लाने की मंशा रखते हैं. हमारी नजर उन अधिकारियों पर है, जो उस 'जंगल राज' के दौरान पले-बढ़े थे. जिन गैरजिम्मेदार अधिकारियों ने सख्त और त्वरित कार्रवाई नहीं की है, उनकी जवाबदेही तय की जाएगी. बुलडोजर की कार्रवाई होगी, एनकाउंटर होगा, संपत्ति जब्त होगी और पीड़ित परिवार को दिए जाने वाले मुआवजे के बारे में हम सीएम से चर्चा करेंगे.'
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story