भारत

स्पेनिश महिला के साथ गैंगरेप का मामला, पुलिस ने कपल को बॉर्डर पर पहुंचाया, कही ये बात

jantaserishta.com
6 March 2024 5:03 AM GMT
स्पेनिश महिला के साथ गैंगरेप का मामला, पुलिस ने कपल को बॉर्डर पर पहुंचाया, कही ये बात
x
कहा कि भारत के लोग बहुत ही अच्छे हैं।
दुमका: झारखंड के दुमका में स्पेनिश महिला के साथ गैंगरेप मामले में फरार पांच आरोपियों को दुमका पुलिस ने छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया है। अबतक मामले में कुल 8 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। स्पेनिश दंपति को मंगलवार को जिला प्रशासन ने दुमका से नेपाल के लिए रवाना कर दिया। दंपति ने सभी को धन्यवाद दिया और कहा कि भारत के लोग बहुत ही अच्छे हैं।
स्पेनिश दंपति को जिला प्रशासन ने दुमका से नेपाल देश के लिए रवाना कर दिया है। स्पेनिश दम्पति ने सभी को धन्यवाद दिया और कहा कि भारत के लोग बहुत ही अच्छे है। स्पेनिश दम्पति ने एसपी के साथ एक सेल्फी भी ली। दोनों ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस तरह की घटना मेरे साथ पहली बार हुई है। ये कहीं भी किसी के साथ हो सकता है। इस स्पेनिश टूरिस्ट महिला ने इंडिया आने की वजह के बारे में बताया है। उन्होंने कहा कि इंडिया बेहद शानदार जगह है। यहां सब कुछ ठीक है, इसलिए मैंने भारत आने का निर्णय लिया था।
पीड़िता ने कहा, "जिन्होंने अपराध किया है वे दोषी हैं, लेकिन आम भारतीय नहीं। इस देश में अब तक की हमारी यात्रा के दौरान हमें लोगों से काफी सहयोग और प्यार मिला। पिछले छह में महीनों में, हमने भारत के विभिन्न हिस्सों की यात्रा की और हमें कई अच्छे लोग मिले।" इस जोड़े ने दुमका में अधिकारियों के साथ सेल्फी भी ली और स्थिति को तेजी से संभालने के लिए सरकार की सराहना की।
दुमका में एकांत स्थान पर रुकने की उनकी पसंद पर स्पेनिश दंपति ने कहा, "हमें रात बिताने के लिए यह जगह शांत और सुंदर लगी।" उन्होंने कहा, "हमारे साथ हुई भयावह घटना को भूलना मुश्किल होगा, इसे पीछे छोड़ देना चाहिए और आगे बढ़ना चाहिए। ऐसी घटनाओं से किसी को लगातार डर में जीने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए या उन्हें बाहर निकलने से नहीं रोका जाना चाहिए। मैं यात्रा करता रहूंगा और डरूंगा नहीं।”
दुमका पुलिस ने पीड़िता और उसके पति को बिहार बॉर्डर पर छोड़ दिया है। जहां से बिहार पुलिस कि टीम उन्हें नेपाल बॉर्डर क्रॉस कराएगी। दंपति वर्ल्ड बाइक टूर के डेस्टिनेशन नेपाल पहुंचेंगे। दुमका जिला प्रशासन ने मंगलवार को पीड़ित दंपति को 10 लाख रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की। वहीं, हाई कोर्ट ने सोमवार को मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए 7 मार्च को सुनवाई की तारीख लगाई है।
गिरफ्तार सभी आरोपियों बाबूजी सोरेन, बुधलाल मरांडी, बबलू हेंब्रम, बसिस मुर्मू व समीर किस्कू को पुलिस ने मेडिकल जांच के बाद जेल भेज दिया। पांचों ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। एसपी ने बताया कि एफएसएल एवं फिंगर प्रिंट की टीम ने घटनास्थल से सभी साक्ष्य को एकत्रित कर लिया है। गैंगरेप मामले में अबतक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
दुमका पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने मंगलवार को बताया कि एक मार्च की रात में हंसडीहा के कुरमाहाट से दो किमी दूर कुंजी गांव के पास अपराधियों ने स्पेनिश महिला के साथ गैंगरेप किया था। स्पेनिश दंपति द्वारा आरोपियों की पहचान किए जाने के बाद उसी दिन तीन की गिरफ्तारी हुई थी। फिर तीनों की निशानदेही पर लूटे गए सामानों को बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि केस डायरी भी जल्द से जल्द कोर्ट को समर्पित कर दिया जाएगा। गैंगरेप के सभी अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलायी जाएगी।
Next Story