भारत

मेडिकल कॉलेज की पानी टंकी में लाश मिलने का मामला, कई अहम सुराग मिले

jantaserishta.com
11 Oct 2025 2:04 PM IST
मेडिकल कॉलेज की पानी टंकी में लाश मिलने का मामला, कई अहम सुराग मिले
x
जानें पूरा मामला.
देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया में महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की पांचवीं मंजिल पर पानी टंकी से शव मिला. जब पहचान हुई तो खुलासा हुआ कि यह शव अशोक गावंडे नाम के एक केमिकल इंजीनियर का है. लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि जो शख्स गोरखपुर से मुंबई जाने की बात कहकर निकला था, वह देवरिया कैसे पहुंच गया, मौत कैसे हुई, शव पानी की टंकी में कैसे पहुंचा?
मृतक के साले प्रफुल्ल नागर ने बताया कि 22 सितंबर की रात जीजा अशोक गावंडे गोरखपुर उनके घर आए थे. उन्होंने बताया कि उन्हें मुंबई जाना है और किराये के लिए 1200 रुपये मांगे. पैसे देने के बाद उन्होंने ऑटो पकड़ा और रेलवे स्टेशन के लिए निकल गए. हमें लगा वो मुंबई के लिए रवाना हो गए, लेकिन पता नहीं कैसे वो देवरिया पहुंच गए.
अशोक गावंडे कभी एक सफल केमिकल इंजीनियर थे. उन्होंने कई कंपनियों में काम किया और फिर अपनी फैक्ट्री शुरू की. लेकिन जब फैक्ट्री बंद हो गई तो उनकी जिंदगी जैसे थम सी गई. आर्थिक नुकसान और असफलता के कारण वे डिप्रेशन में रहने लगे. उनके साले प्रफुल्ल बताते हैं कि उनकी तबीयत खराब रहने लगी थी.
ठाणे में उनका इलाज चल रहा था. वे बार-बार फैक्ट्री दोबारा शुरू करने की बात करते, लेकिन हालात साथ नहीं दे रहे थे. पत्नी अनीता गावंडे से भी उनके संबंध अच्छे नहीं रहे. दोनों अलग-अलग रहते थे. जब पुलिस ने देवरिया से शव मिलने की सूचना दी, तो अनीता ने सिर्फ इतना कहा कि हम साथ नहीं रहते थे, पुलिस ने बताया तो ही पता चला कि वो यहां कैसे पहुंच गए.
इस केस को और उलझा देने वाली बात यह है कि 25 सितंबर को देवरिया शहर के पुरवा चौराहा निवासी एक युवक ने बताया कि उसने मॉर्निंग वॉक के दौरान एक बीमार व्यक्ति को सड़क किनारे देखा था, जो चल नहीं पा रहा था. उसने 108 पर कॉल कर एंबुलेंस से उसे अस्पताल भिजवाया. अस्पताल में भर्ती उस व्यक्ति का नाम भी अशोक दर्ज था. यानी 25 सितंबर को वह देवरिया में जिंदा थे, लेकिन फिर 6 अक्टूबर को उनका शव मेडिकल कॉलेज की पानी टंकी में मिला.
अब सवाल यही है कि इन 11 दिनों में आखिर क्या हुआ? वह अस्पताल से कैसे निकले और फिर पानी की टंकी तक कैसे पहुंचे?
फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है, लेकिन रिपोर्ट का इंतजार है. देवरिया पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा कि यह हादसा था, आत्महत्या या कुछ और. मेडिकल कॉलेज प्रशासन और पुलिस दोनों के लिए यह रहस्य सुलझाना चुनौती बन गया है. एक इंजीनियर, जो कभी अपनी फैक्ट्री को दोबारा खड़ा करने का सपना देखता था, उसकी जिंदगी यूं खत्म हो जाना कई सवाल खड़े कर रहा है. अशोक गावंडे की कहानी अब पुलिस की फाइलों में एक ‘अनसुलझी गुत्थी’ बन चुकी है. मुंबई जाने वाले रास्ते पर कैसे आया देवरिया का मोड़, और आखिर कौन-क्या था, जिसने उनकी जिंदगी ही खत्म कर दी.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story